मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच विभिन्न मसलों को लेकर आरोप प्रत्यारोप का दौर देखने को मिला।
कांग्रेस विधायकों ने गांधी प्रतिमा के सामने ओबीसी आरक्षण को लेकर प्रदर्शन किया। वहीं भाजपा ने कहा कि कांग्रेस को माफी मांगनी चाहिए क्योंकि सरकार में रहते हुए कभी भी ओबीसी आऱक्षण को लेकर कांग्रेस ने ठोस कदम नहीं उठाए।
मध्य प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र के पहले दिन सदन की कार्यवाही दिवंगतों के निधन उल्लेख के बाद 29 जुलाई तक स्थगित कर दी गई। सत्र की शुरुआत वंदे मातरम गान से हुई, जिसके बाद संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने सभी को श्रावण मास की बधाई दी। कार्यवाही आरंभ होते ही निधन का उल्लेख किया गया।
विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत सदस्यों ने 22 अप्रैल को कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले में शहीद नौसेना अधिकारी एवं पर्यटकों तथा 12 जून को अहमदाबाद एयर इंडिया विमान हादसे के मृतकों को श्रद्धांजलि दी।
साथ ही पूर्व विधायक राजा सुरेंद्र बहादुर सिंह, रघुनाथ चौधरी, सरदार सुखदेव सिंह, शंकर लाल मुन्नाखेड़ी, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास, गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी, अभिनेता मनोज कुमार और लोक कलाकार रामसहाय पांडे को भी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।











