जबलपुर में एक पटवारी को लोकयुक्त की टीम ने 3 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। पटवारी आशीष कुमार गुप्ता के द्वारा पैतृक जमीन का दोबारा सीमाकंन करने के बदले रिश्वत की मांग की गई थी।
जबलपुर लोकायुक्त एसपी संजय साहू ने इस संबंध में बताया कि सोबरन लोधी पिता गिरवर लोधी उम्र 37 वर्ष निवासी ग्राम पथरिया तहसील शहपुरा जिला जबलपुर की पैतृक जमीन ग्राम पथरिया में है, जिसका सीमाकंन पटवारी आशीष पिता प्रमोद कुमार गुप्ता उम्र 25 वर्ष पटवारी हल्का नंबर एक पथरिया तहसील शहपुरा जिला जबलपुर ने किया था। लेकिन सोबरन सिंह सीमाकंन से संतुष्ट नहीं था। जिसके चलते दोबारा सीमाकंन करने के लिए पटवारी आशीष कुमार गुप्ता से कहा गया।
पटवारी आशीष कुमार गुप्ता ने दोबारा सीमाकंन करने के लिए 6 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। पटवारी आशीष कुमार गुप्ता द्वारा रिश्वत की मांग किए जाने की शिकायत सोबरन सिंह ने लोकायुक्त आफिस पहुंचकर एसपी संजय साहू से की। इसके बाद आज रिश्वत की पहली किश्त लेकर सोबरन सिंह जबलपुर आया और पटवारी आशीष कुमार गुप्ता से बात की तो उसने जबलपुर के तीन पत्ती चौराहा स्थित शराब दुकान के सामने पुराना बस स्टेंड पर बुला लिया।
सोबरन सिंह ने मौके पर पहुंचकर पटवारी आशीष कुमार गुप्ता को रिश्वत की पहली किस्त 3 हजार रुपए दी, उसी दौरान वहाँ पहले से मौजूद लोकायुक्त टीम के इंस्पेक्टर कमल सिंह उईके, सुश्री शशिकला मस्कुले, एसआई शिशिर पाण्डेय सहित लोकायुक्त टीम के अन्य सदस्यों ने पटवारी आशीष कुमार गुप्ता को रंगे हाथ पकड़ लिया।
लोकायुक्त टीम ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 संशोधन 2018 की धारा 7 13 (1), 13 (2) के तहत कार्रवाई की गई है।











