Friday, April 24, 2026
Homeमध्य प्रदेशदरोगा को उसके साथी के साथ पुलिस ने किया गिरफ्तार, 170 जिंदा...

दरोगा को उसके साथी के साथ पुलिस ने किया गिरफ्तार, 170 जिंदा कारतूस,1पिस्टल जब्त

जबलपुर। एमपी के जबलपुर में गोसलपुर पुलिस ने क्राइम ब्रांच के साथ मिलकर दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से एक पिस्टल व 170 जिंदा कारतूस बरामद किए गए है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 25ए 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में शहर आ रहे थे।

क्राइम ब्रांच के एएसपी जितेंद्र सिंह ने बताया कि आजसुबह सूचना मिली थी कि कटनी से जबलपुर की ओर एक सफेद रंग की होंडा सेंट्रो कार क्रमांक एमपी 20 सीके 6302 में दो युवक भारी मात्रा में हथियार और कारतूस लेकर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच और गोसलपुर थाना पुलिस की टीम ने मोहतरा टोल प्लाजा के पास घेराबंदी की। कुछ देर बाद बताए गए नंबर की कार पहुंची जिसे रोककर तलाशी ली गई।

कार में सवार युवकों ने पूछताछ में अपने नाम दरोगा उर्फ विशाल पांडे उम्र 25 वर्ष निवासी पटेल नगर महाराजपुर अधारताल व आदर्श बेन 22 वर्ष निवासी टीआई बंगला के पास सुहागी थाना अधारताल बताए। तलाशी के दौरान विशाल पांडे की कमर से एक देशी पिस्टल बरामद हुई। कार के डैशबोर्ड से 160 नग 32 बोर के जिंदा कारतूस तथा आदर्श बेन के पास से 10 नग 315 बोर के जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

80 हजार रुपए में खरीदे थे कारतूस-

पूछताछ में विशाल पांडे ने बताया कि दोनों ने उत्तर प्रदेश के अतर्रा बांदा क्षेत्र से भोला मामा नामक व्यक्ति से 80 हजार रुपए में कारतूस खरीदे थे। इनमें से 72 हजार रुपए के 32 बोर कारतूस उसने और 8 हजार रुपए के 315 बोर कारतूस आदर्श बेन ने खरीदे थे।

अपराधिक प्रवृति का है दरोगा पांडे-

एएसपी जितेन्द्र सिंह ने बताया कि आरोपी विशाल पांडे उर्फ दरोगा अपराधी प्रवृत्ति का है। उसके खिलाफ अधारताल, पनागर, कुंडम व माढ़ोताल थानों में एक दर्जन से अधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों के गैंग और उनके नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Latest News