Friday, April 24, 2026
Homeमध्य प्रदेशएमपी में आज आंधी-बारिश की संभावना, कुछ जिलों में रहेगा गर्मी का...

एमपी में आज आंधी-बारिश की संभावना, कुछ जिलों में रहेगा गर्मी का भी असर

भोपाल (हि.स.)। मध्यप्रदेश में तेज गर्मी के बीच आंधी और बारिश का दौर भी शुरू हो गया है। गुरुवार को कहीं बादल तो कहीं तेज गर्मी का असर देखने को मिला। शुक्रवार को भी ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है।

राजधानी भोपाल में आज सुबह बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग ने बताया कि इंदौर समेत 37 जिलों में कहीं आंधी-गरज चमक की स्थिति रहेगी। कुछ जिलों में बारिश भी हो सकती है, जबकि ग्वालियर, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, रीवा, मऊगंज और सीधी में दोपहर तक तेज गर्मी और शाम को आंधी चल सकती है।

इससे पहले गुरुवार को दमोह और शिवपुरी सबसे गर्म रहे। यहां दिन का टेम्प्रेचर 44 डिग्री दर्ज किया गया। टीकमगढ़-पृथ्वीपुर में 43.5 डिग्री, गुना, सागर और नर्मदापुरम में पारा 43.2 डिग्री रहा। इसी तरह, छतरपुर के बिजावर में 43.1 डिग्री, राजगढ़ में 43 डिग्री, अशोकनगर में 42.7 डिग्री दर्ज किया गया।

वहीं सागर में शाम को बारिश भी हुई। भोपाल, ग्वालियर में भी तापमान में उछाल देखने को मिला। भोपाल में पारा 40.8 डिग्री, इंदौर में 39.2 डिग्री, ग्वालियर में 42.5 डिग्री, जबलपुर में 41.5 डिग्री और उज्जैन में तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ, साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन गुजरने की वजह से प्रदेश में आंधी और बारिश का दौर चल रहा है। वहीं, कुछ जिलों में गर्मी का असर भी है। ऐसा ही मौसम आगामी दिनों में भी बना रहेगा। उधर, मानसून लगातार अपनी गति से आगे बढ़ रहा है। ऐसे में इसके समय पर मध्यप्रदेश पहुंचने की संभावना बनी हुई है।

Related Articles

Latest News