Friday, October 23, 2026
Homeमध्य प्रदेशपारदर्शिता के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करें लोकसेवक: मंत्री प्रहलाद पटेल

पारदर्शिता के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करें लोकसेवक: मंत्री प्रहलाद पटेल

भोपाल (हि.स.)। पंचायत एवं ग्रामीण विकास व श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने रविवार को जिला योजना भवन मण्डला में विभागीय योजनाओं की समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों में समन्वय आवश्यक है। विकास कार्यों के लिए फंड की कमी नहीं है। उन्होंने निर्देश दिये कि प्रदाय किए जाने वाले बजट का समय पर सदुपयोग करना सुनिश्चित करें। लोकसेवक पारदर्शिता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।

बैठक में केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके, विधायक नारायण सिंह पट्टा, चैनसिंह वरकड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

मंत्री पटेल ने कहा कि जिले के विकास को सुनिश्चित करने के लिए शासन और प्रशासन एक टीम के रूप में काम करें। देश व प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित समयावधि में सुनिश्चित करें। विकास से संबंधित कार्य द्रुतगति से पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि अच्छे कार्य करने वालों को प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी, कर्मचारियों में अच्छा कार्य करने वालों से सीखने की ललक होनी चाहिए।

मंत्री पटेल ने कहा कि स्टॉप डेमों के रख रखाव के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए जिला स्तर पर नवाचार करें। जिन युवाओं को भी कौशल उन्नयन कार्यक्रम में प्रशिक्षित किया जा रहा है, उन्हें रोजगार से जोड़ने के लिये अधिकारी फॉलोअप करें। अच्छा कार्य करने वाले स्व-सहायता समूहों से अन्य समूहों को अवगत कराते हुए उन्हें भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करें।

उन्होंने निर्देशित किया कि मध्यान्ह भोजन का उठाव समय पर सुनिश्चित करें। मनरेगा में रोजगारमूलक कार्यों को प्राथमिकता प्रदान करें तथा सामग्री एवं श्रम नियोजन के मानकों का पालन करें। पीएम जनमन अभियान में जिन हितग्राहियों के आवास स्वीकृत किये गये हैं। जनपद सीईओ मॉनिटरिंग करें।

स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा में मंत्री पटेल ने कहा कि स्वच्छता अभियान में जनप्रतिनिधियों तथा स्थानीय लोगों की सहभागिता का प्रयास करें। सभी सामुदायिक स्वच्छता परिसरों के संचालन के लिए स्थानीय स्तर पर योजना तैयार करें।

बैठक में केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने स्टॉप डेम सहित अन्य स्थानीय संरचनाओं के रखरखाव पर और अधिक ध्यान देने की जरुरत बताई। सड़क निर्माण के कार्यों को समय पर पूर्ण करने, सड़कों के रख रखाव पर फोकस करने की भी आवश्यकता जताई। पीएचई मंत्री संपतिया उइके ने नर्मदा परिक्रमा मार्ग के ग्रामों में प्राथमिकता के आधार पर सामुदायिक स्वच्छता परिसर बनाने की बात कही।

Related Articles

Latest News