Friday, April 24, 2026
Homeमध्य प्रदेशसपा कार्यकर्ताओं ने सीएमएचओ को भेंट किए नकली नोट, जिला अस्पताल के...

सपा कार्यकर्ताओं ने सीएमएचओ को भेंट किए नकली नोट, जिला अस्पताल के बाहर प्रदर्शन

जबलपुर। एमपी के जबलपुर स्थित जिला अस्पताल विक्टोरिया के सामने आज समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अनोखा प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ संजय मिश्रा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उन्हें प्रतीकात्मक रूप से नकली नोट और नकली सोने के सिक्के भेंट किए।

इस मौके पर सपा नेता आशीष मिश्रा ने आरोप लगाया कि जिले का स्वास्थ्य तंत्र भ्रष्टाचार से ग्रस्त है। उन्होंने कहा कि अधिकारी वातानुकूलित कमरों में बैठकर अपनी जिम्मेदारियों से मुंह मोड़ रहे हैं। जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में गरीब जनता बुनियादी इलाज के लिए भटक रही है। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जिले में फर्जी अस्पताल धड़ल्ले से संचालित हो रहे हैं। कई सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर समय पर नहीं पहुंचते।

कार्यकर्ताओं ने बरेला में एक प्रसूता की मौत और डिंडोरी में ऑक्सीजन की कमी से हुई मौतों का हवाला देते हुए विभागीय लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त की। प्रदर्शन के दौरान कुछ पीडि़त मरीज भी मौजूद रहे। जिन्होंने निजी अस्पतालों पर लापरवाही के आरोप लगाए। शकुन भाई नामक एक पीडि़त ने बताया कि सड़क हादसे के बाद उन्हें एक स्मार्ट सिटी अस्पताल ले जाया गया था, जहां कथित तौर पर तीन दिन तक उनका इलाज नहीं किया गया।

शकुन भाई ने आरोप लगाया कि अस्पताल की लापरवाही के चलते उनका पैर काटना पड़ा, अब वे अपाहिज जीवन जीने को मजबूर हैं। उन्होंने सरकार से न्याय की गुहार लगाई। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि स्वास्थ्य विभाग में व्याप्त अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

Related Articles

Latest News