Friday, April 24, 2026
Homeमध्य प्रदेशमप्र: पश्चिमी विक्षोभ से बदला हवा का रुख, बढ़ने लगा तापमान

मप्र: पश्चिमी विक्षोभ से बदला हवा का रुख, बढ़ने लगा तापमान

भोपाल (हि.स.)। पश्चिमी विक्षोभ के कारण मध्यप्रदेश में हवा का रुख बदल गया है, जिससे ज्यादातर शहरों में दिन-रात के तापमान में बढ़ोतरी हुई है। रविवार को भोपाल, इंदौर, उज्जैन समेत प्रदेश के 13 शहरों में अधिकतम तापमान 28 डिग्री के पार रहा, जबकि खंडवा में अधिकतम पारा 30.5 डिग्री दर्ज किया गया।

उत्तर भारत में 25 जनवरी के बाद दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुए हैं। इसका असर मध्यप्रदेश में भी देखने को मिल रहा है। शनिवार के बाद रविवार को भी कई शहरों में बादल रहे। प्रदेश के 10 शहरों में रात का तापमान भी 10 डिग्री से अधिक ही है। अगले दो दिन तक मौसम ऐसा ही रहेगा। इसके बाद कड़ाके की ठंड का एक दौर और आ सकता है। मौसम विभाग ने रात के तापमान में 1-2 डिग्री की बढ़ोतरी होने की बात कही है। वहीं, दिन का तापमान स्थिर रहेगा। यानी दो दिन तक अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी की संभावना नहीं है। दूसरी ओर, पश्चिमी विक्षोभ की वजह से जबलपुर संभाग में हल्की बूंदाबांदी के आसार सोमवार को भी है।

रविवार को प्रदेश के मौसम में गर्मी महसूस की गई। पचमढ़ी में दिन का तापमान सबसे कम 24 डिग्री रहा, जबकि खंडवा में सबसे ज्यादा 30.5 डिग्री दर्ज किया गया। इंदौर में अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री, भोपाल में 28.3 डिग्री, जबलपुर में 27.6 डिग्री और उज्जैन में 28.5 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा मलाजखंड, नौगांव, रायसेन, छिंदवाड़ा, शिवपुरी, सतना, खजुराहो, सीधी, सागर और गुना में अधिकतम तापमान 28 डिग्री से कम रहा। वहीं, सिवनी, टीकमगढ़, नर्मदापुरम, उमरिया, बैतूल, मंडला, धार, खरगोन, दमोह, रतलाम और खंडवा में अधिकतम पारा 28 से 30.5 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया।

राजधानी भोपाल में शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री था, जो रविवार को 28.3 डिग्री पर पहुंच गया। इस तरह एक दिन में 2.5 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। मौसम विभाग ने अगले 2 दिन तक दिन में गर्मी का असर रहने का अनुमान जताया है। दिन में तापमान 29 डिग्री तक पहुंच सकता है। रात में तापमान 10 डिग्री से अधिक रह सकता है।

Related Articles

Latest News