बीती रात बीएनपी थाना क्षेत्र के आवास नगर में हुए एक दर्दनाक सडक़ हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। तेज रफ्तार ईवी कार ने दो पहिया वाहन को टक्कर मार दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजेश पिता मांगीलाल गोस्वामी (36) निवासी सोमेश्वर मंदिर, नाहर दरवाजा, रात करीब 12 बजे दो पहिया वाहन चालक विशाल सोलंकी से लिफ्ट लेकर अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान आवास नगर चौराहे के समीप एक तेज रफ्तार ईवी कार चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक करीब 60 फीट दूर जा गिरे।
हादसे के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने राजेश गोस्वामी को प्राथमिक जांच के बाद इंदौर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही राजेश ने दम तोड़ दिया। शुक्रवार सुबह जिला अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम किया गया।
बताया गया है कि राजेश बांगर स्थित टोल टैक्स पर कार्यरत थे। दुर्घटना में शामिल कार देवास अनाज मंडी के व्यापारी अर्पित अग्रवाल की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी और टक्कर के बाद कार के एयरबैग भी खुल गए थे। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।











