अप्रैल की शुरुआत आमतौर पर तेज गर्मी के साथ होती है, लेकिन इस बार मौसम ने पूरी तरह से करवट बदल ली है। उत्तर भारत में गर्मी की जगह तूफान, बारिश और ओलों ने एंट्री मार दी है। अचानक आसमान में घने बादल छा जाते हैं, तेज हवाएं चलने लगती हैं और फिर धूल भरी आंधी के साथ बारिश और ओले गिरने लगते हैं। इस बदले मिजाज ने लोगों को चौंका दिया है और हालात सामान्य से बिल्कुल अलग नजर आ रहे हैं।
मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि कई राज्यों में 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। यह सिर्फ सामान्य मौसम बदलाव नहीं, बल्कि एक बड़ा सिस्टम है जो उत्तर भारत से लेकर मध्य भारत तक असर डाल सकता है। 4 अप्रैल से 7 अप्रैल के बीच हालात और ज्यादा बिगड़ सकते हैं, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
दिल्ली-UP-बिहार में दिन गर्म, शाम को तूफान
दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में मौसम का अजीब पैटर्न देखने को मिल रहा है। दिन में तेज धूप और गर्मी रहती है, लेकिन शाम होते ही अचानक आंधी-तूफान और बारिश शुरू हो जाती है। इससे जहां आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है, वहीं किसानों की फसलें भी खतरे में पड़ गई हैं।
पश्चिमी विक्षोभ बना मौसम का विलेन
मौसम में इस उथल-पुथल की सबसे बड़ी वजह लगातार सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ हैं। हवा के दबाव और तापमान में तेजी से बदलाव हो रहा है, जिससे तूफानी गतिविधियां बढ़ गई हैं। 3-4 अप्रैल और फिर 7 अप्रैल के आसपास दो मजबूत सिस्टम का असर देखने को मिलेगा।
मध्य भारत में भी असर: MP-छत्तीसगढ़ में बारिश-ओले
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भी मौसम का मिजाज बदल गया है। भोपाल, सतना, जबलपुर और रायपुर जैसे शहरों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है। कई जगह ओलावृष्टि की आशंका है, जिससे किसानों की फसलें खराब हो सकती हैं और जनजीवन प्रभावित हो रहा है।











