विधानसभा चुनाव: जबलपुर में कांग्रेस के चार और भाजपा के दो उम्मीदवारों ने दाखिल किए नामांकन पत्र

मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव की सूचना के प्रकाशन के दूसरे दिन आज सोमवार को जबलपुर में छह अभ्यर्थियों द्वारा नाम निर्देशन पत्र दाखिल किये गए हैं।

इनमें विधानसभा क्षेत्र बरगी से संजय यादव ने इंडियन नेशनल कांग्रेस, विधानसभा क्षेत्र जबलपुर पूर्व से अंचल सोनकर ने भारतीय जनता पार्टी एवं लखन घनघोरिया ने इंडियन नेशनल कांग्रेस, विधानसभा क्षेत्र जबलपुर उत्तर से विनय कुमार सक्सेना ने इंडियन नेशनल कांग्रेस से, विधानसभा क्षेत्र पनागर से सुशील कुमार तिवारी ने भारतीय जनता पार्टी के तथा विधानसभा क्षेत्र सिहोरा से एकता ठाकुर ने इंडियन नेशनल कांग्रेस की उम्मीदवार की हैसियत से नामांकन पत्र के एक-एक सेट दाखिल किये हैं।

विधानसभा क्षेत्र पाटन, जबलपुर केंट एवं विधानसभा क्षेत्र जबलपुर पश्चिम से आज भी किसी अभ्यर्थी द्वारा नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत नहीं किया गया है। दशहरा का सार्वजनिक अवकाश होने की वजह से मंगलवार 24 अक्टूबर को नाम निर्देशन पत्र स्वीकार नहीं किये जायेंगे।

वहीं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि मध्यप्रदेश विधानसभा निर्वाचन 2023 के लिए प्रदेश की सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में सोमवार को नाम निर्देशन पत्र भरे गए। नाम निर्देशन पत्र भरे जाने के दूसरे कार्य दिवस 23 अक्टूबर को प्रदेश में कुल 137 अभ्यर्थियों द्वारा 155 नाम निर्देशन पत्र जमा किए गए।