सीएम चौहान का ऐलान: जबलपुर में चलेगी मेट्रो ट्रेन, सबसे बड़े फ्लाई ओव्हर का नाम होगा रानी दुर्गावती

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जबलपुर में 11 सौ करोड़ रूपये की लागत से फ्लाई ओव्हर का निर्माण होने से शहर की तस्वीर बदल जायेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 5 हजार करोड़ की लागत से 116 किलोमीटर रिंग रोड का निर्माण किया जायेगा। इससे जबलपुर के पूर्व, पश्चिम, उत्तर और दक्षिण क्षेत्र आवागमन की सुविधाओं से जुड़ेंगे। जबलपुर शहर सभी दिशाओं से जुड़कर अदभुत नगरी के रूप में जानी जायेगी।

इसके साथ ही 48 करोड़ की लागत से रियल साइंस सेंटर का निर्माण किया जायेगा। 100 करोड़ की लागत से जियोलोजिकल पार्क का निर्माण किया जायेगा। हिन्दुस्तान के हर क्षेत्र के लोग इस पार्क को देखने जबलपुर आयेंगे। 200 करोड़ की लागत से टेक्नोलॉजी सेंटर बनाया जायेगा। 2 सौ करोड़ की लागत से आईटी पार्क बनाया जायेगा। आईटी पार्क में विभिन्न क्षेत्रों का हुनर सीखकर हमारे बेटा-बेटियां अपना सुनहरा भविष्य बना सकेंगे। उन्हें स्वयं का स्वरोजगार स्थापित करने के लिये ऋण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जायेगी। 

सीएम चौहान ने कहा कि साढ़े 4 सौ करोड़ की लागत से एयरपोर्ट का टर्मिनल निर्माण किया जायेगा। 460 करोड़ की लागत से हाईकोर्ट की बिल्डिंग निर्माण, 3 सौ करोड़ की लागत से रेलवे स्टेशन का निर्माण, 125 करोड़ की लागत से मदन महल टर्मिनल और 100 करोड़ की लागत से रानी दुर्गावती के स्मारक का निर्माण किया जायेगा। मुख्यमंत्री बुधवार को जबलपुर शहर में दमोह नाका से रानीताल, मदन महल चौक एवं महानद्दा से मेडिकल कॉलेज रोड फ्लाई ओव्हर निर्माण के भाग-1 लागत राशि 155 करोड़ के लोकार्पण के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने श्री गणेश जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण तथा कन्या पूजन कर फ्लाई ओव्हर का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने फ्लाई ओव्हर निर्माण में संलग्न श्रमिकों का श्रमिक कमलेश को पुष्प गुच्छ भेंटकर प्रतिकात्मक स्वरूप सम्मान भी किया। इस अवसर पर लोक निर्माण एवं जिले के प्रभारी मंत्री गोपाल भार्गव, सांसद राकेश सिंह, विधायक अशोक रोहाणी, विधायक इंदू तिवारी, विधायक नंदनी मरावी, मप्र जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष डॉ जितेन्द्र जामदार, जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष वरकड़े, जिला भाजपा अध्यक्ष प्रभात साहू, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, पूर्व विधायक शरद जैन, जिला पंचायत सदस्य रागिनी कश्यप, कृष्ण कुमार बर्मन (आचार्य), राजकुमार मेहता, कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन, पुलिस अधीक्षक टीके विद्यार्थी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस फ्लाई ओव्हर का नाम रानी दुर्गावती के नाम पर रखा जायेगा। उन्होंने कहा कि रानी दुर्गावती के साम्राज्य में 52 गढ़ थे, इस लिए जबलपुर शहर में रानी दुर्गावती की 52 फीट ऊंची प्रतिमा का भी निर्माण किया जायेगा। बरेला को तहसील तथा मझगवां को नगर पंचायत बनाया जायेगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री जी द्वारा 5 अक्टूबर को 100 करोड़ की लागत से रानी दुर्गावती के स्मारक का भूमि पूजन किया जायेगा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने जबलपुर के विकास के लिये जितने कार्य किये हैं, उतने कार्य पहले कभी नहीं हुये। जबलपुर के विकास कार्यों के लिये पैसों की कोई कमी नहीं होने दी जायेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बहनों के विकास व उत्थान के लिये मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना प्रारंभ की गई है। बहनों के खातो में प्रतिमाह राशि डाली जा रही है। जिससे बहनों के पास जरूरत के समय पैसे रहें। उन्होंने कहा कि जिन बहनों के नाम प्रधानमंत्री आवास योजना से छूट गये हैं ऐसी बहनों को मुख्यमंत्री लाड़ली बहना आवास योजना का लाभ् देकर उनके लिये पक्के भवन बनाये जायेंगे।

सीएम चौहान ने कहा कि इंदौर और भोपाल के बाद जबलपुर मेट्रो की तीसरी राजधानी बनेगी। जबलपुर में मेट्रो ट्रेन का जाल बिछाया जायेगा। जबलपुर का सभी क्षेत्रों में सर्वागीण विकास किया जायेगा। जबलपुर को विकास और आवागमन के क्षेत्र में बढ़ाया जायेगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती पर किसी भी गरीब व्यक्ति को बिना जमीन के नहीं रहने दिया जायेगा। सरकार ऐसा काम कर रही है कि हर गरीब के पास जमीन का टुकड़ा हो और जिसपर  खुद का घर होगा।

उन्होंने इस अवसर पर रानी अवंती बाई वार्ड के नागरिकों की मांग पर उन्हें पट्टे देने की बात कही। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती पर भूमाफियाओं को पनपने नहीं दिया जायेगा। प्रदेश में बुल्डोजर चलाकर 23 हजार एकड़ सरकारी जमीन भूमाफियाओं से मुक्त की गई है। इस भूमि पर मल्टी स्टोरी बनाकर गरीबों को आवास दिये जायेंगे।

सीएम चौहान ने कहा कि पूरा प्रदेश मेरा परिवार है। मैं सरकार नहीं बल्कि परिवार चलाता हूं। प्रदेश वासियों को नि:शुल्क खाद्यान्न, चिकित्सा के लिये आयुष्मान कार्ड और भांजे व भांजियों की पढ़ाई का प्रबंध किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत श्रद्धालुओं को हवाई जहाज से ले जाकर तीर्थ दर्शन कराया जा रहा है। स्कूली टॉपर छात्र-छात्राओं को उच्चतम अंक लाने पर उनके पंसद के अनुसार प्रोत्साहन स्वरूप स्कूटी प्रदान की जा रही है। इससे छात्र-छात्राओं में पढाई के प्रति रूचि बढ़ेगी जिससे शिक्षा का स्तर भी बढ़ेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे छात्र-छात्रायें जिनके परिवार की वार्षिक आय 8 लाख से कम है उनकी मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, आईआईटी कॉलेज और  लॉ कॉलेज की फीस सरकार भरेगी। जिससे गरीब परिवार के बच्चे भी उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपना सुनहरा भविष्य बना सकें।