Wednesday, February 11, 2026
Homeराष्ट्रीयछत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार प्लांट विस्फोट में गया के 6 मजदूरों की मौत,...

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार प्लांट विस्फोट में गया के 6 मजदूरों की मौत, 5 घायल

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में स्थित एक प्लांट में हुए भीषण विस्फोट में छह मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे में जान गंवाने वाले सभी मजदूर बिहार के गया जिले के निवासी थे। घटना की खबर मिलते ही गया में उनके परिजनों के बीच कोहराम मच गया है।

मृतक गया जिले के डुमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत गोटीबांध गांव के टोले के रहने वाले थे। सभी मजदूर रोज़गार की तलाश में छत्तीसगढ़ गए थे। मृतकों में पिता-पुत्र भी शामिल हैं, जो लगभग 15 दिन पहले ही काम के सिलसिले में वहां पहुंचे थे। मृतकों की पहचान 22 वर्षीय श्रवण कुमार, 22 वर्षीय राजदेव कुमार, 37 वर्षीय जितेंद्र भुइयां, 42 वर्षीय बदरी भुइयां, 40 वर्षीय विनय भुइयां तथा 40 वर्षीय सुंदर भुइयां के रूप में हुई है।

मृतकों के एक रिश्तेदार ने बताया कि गांव के ही उदय यादव नामक ठेकेदार उन्हें बाहर काम दिलाने के लिए लेकर गया था। ठेकेदार ने बेहतर रोजगार और अच्छी मजदूरी का भरोसा दिलाया था, लेकिन आज यह दुखद सूचना मिली कि प्लांट में हुए विस्फोट में छह मजदूरों की जान चली गई। परिवारों के कमाने वाले सदस्यों की मौत से गांव में शोक का माहौल है।

वहीं घटना को लेकर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने भी बयान जारी किया है। उन्होंने कहा कि यह हादसा कैसे हुआ, इसके कारण क्या थे और इसमें कौन दोषी है—इन सभी बिंदुओं पर जांच कराई जाएगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि सभी मृतकों के शव को गया लाया जाएगा तथा इस संबंध में छत्तीसगढ़ सरकार से संपर्क साधा जा रहा है। उन्होंने इस घटना को अत्यंत दुखद बताया।

Related Articles

Latest News