Sunday, December 7, 2025
Homeराष्ट्रीयडॉ. कलाम विज्ञान महोत्सव का जिला स्तरीय आयोजन

डॉ. कलाम विज्ञान महोत्सव का जिला स्तरीय आयोजन

 (हि.स.)। डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम विज्ञान महोत्सव का जिला स्तरीय आयोजन पी.एम. श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज चंपावत में संपन्न हुआ। यह आयोजन राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद के सहयोग से संचालित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड सरकार की वन एवं पर्यावरण सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष श्याम नारायण पांडेय ने दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें नवाचार के लिए प्रेरित करने का सशक्त माध्यम हैं।

विशिष्ट अतिथि नगरपालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय ने विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने की सलाह दी, जिससे समाज में सकारात्मक बदलाव आ सके। मुख्य शिक्षा अधिकारी मेहरबान सिंह बिष्ट ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न वैज्ञानिक गतिविधियों और कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

इस महोत्सव में जनपद के विभिन्न विद्यालयों से लगभग 120 बाल वैज्ञानिकों ने भाग लिया। उन्होंने ‘आत्मनिर्भर भारत के लिए स्टेम’ विषय पर अपने अभिनव मॉडल, विज्ञान नाटक और प्रयोग प्रस्तुत किए। अतिथियों और निर्णायकों ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण की सराहना की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य उमेद सिंह बिष्ट ने की, जबकि संचालन नरेश जोशी ने किया। जिला समन्वयक नवीन पंत ने सभी अतिथियों, निर्णायकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर राजकीय शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष जगदीश अधिकारी, श्याम दत्त चौबे, ललित मोहन बोहरा, राजेन्द्र गडकोटी, प्रदीप जोशी, सुनील पांडेय, नवीन उपाध्याय, ललित मोहन, बी.एन. उपाध्याय, ब्लॉक समन्वयक नवीन बिष्ट, जीवन सोरडी, भुवन जोशी, राकेश शर्मा, कैलाश भट्ट, नीरज पांडे, नागेन्द्र राणा, हेम पांडेय, संजय भंडारी तथा शंकर दत्त पांडेय सहित कई मार्गदर्शक शिक्षक और निर्णायकगण उपस्थित थे।

कार्यक्रम में घोषणा की गई कि जिले से चयनित विद्यार्थी अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे, जिससे जनपद का प्रतिनिधित्व राज्य स्तर पर होगा।

Related Articles

Latest News