Friday, April 24, 2026
Homeराष्ट्रीयइस बार नहीं आएगा आर्थिक सर्वे, 1 फरवरी को पेश होगा अंतरिम...

इस बार नहीं आएगा आर्थिक सर्वे, 1 फरवरी को पेश होगा अंतरिम बजट: वित्त मंत्रालय

नई दिल्ली (हि.स.)। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एक फरवरी, 2024 को अंतरिम केंद्रीय बजट पेश करेंगी। इसकी तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। हर बार केंद्रीय बजट पेश होने से पहले आर्थिक सर्वे संसद में पेश किया जाता है लेकिन इस बार सालों से चली आ रही परंपरा पर विराम लग गया है। वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों के विभाग ने यह जानकारी दी है।

वित्त मंत्रालय ने सोमवार को “एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि अंतरिम बजट से पहले आर्थिक सर्वेक्षण पेश नहीं होंगे। हालांकि, मंत्रालय ने ‘द इंडियन इकोनॉमी: ए रिव्यू’ 2024 रिपोर्ट पेश किया है। रिपोर्ट के मुताबिक वित्त वर्ष 2024-25 में वास्तविक जीडीपी वृद्धि सात फीसदी के करीब रहने की संभावना जताई गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि आर्थिक सर्वेक्षण आम चुनाव के बाद पेश होने वाले पूर्ण बजट में पेश किया जाएगा।

वित्त मंत्रालय ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि ‘यह आर्थिक मामलों के विभाग की ओर से तैयार किया गया भारत का इकोनॉमिक सर्वे नहीं है। आर्थिक सर्वेक्षण आम चुनाव के बाद पेश होने वाले पूर्ण बजट से पहले आएगा। मंत्रालय के मुताबिक केंद्रीय वित्त मंत्री लोकसभा चुनाव से पहले अंतरिम केंद्रीय बजट पेश करेंगी। चुनाव के बाद नई सरकार वित्त वर्ष 2024-25 को अपना पूर्ण बजट पेश करेगी।

उल्लेखनीय है कि पिछले तीन पूर्ण केंद्रीय बजटों की तरह इस बार भी अंतरिम केंद्रीय बजट 2024 कागज रहित होगा। अंतरिम बजट दस्तावेज़ एक फरवरी को संसद में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का बजट भाषण पूरा होने के बाद मोबाइल ऐप पर उपलब्ध होगा। लोकसभा चुनाव से पहले संसद का बजट सत्र 31 जनवरी को शुरू होकर 9 फरवरी तक चलेगा।

Related Articles

Latest News