Friday, September 11, 2026
Homeराष्ट्रीयजनजातीय गौरव दिवस पर प्रधानमंत्री ने बिहार को दी 66 साै करोड़...

जनजातीय गौरव दिवस पर प्रधानमंत्री ने बिहार को दी 66 साै करोड़ की सौगात: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार

पटना (हि.स.)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार वर्ष 2021 से भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिवस को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। जनजातीय क्षेत्र के विकास के लिए आज प्रधानमंत्री ने 6600 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया है।

शुक्रवार को बिहार के जमुई में जनजातीय गौरव दिवस पर आयोजित जनजातीय गौरव सम्मान सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अलावा राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री हर काम देश के लिए कर रहे हैं और बिहार को भी पूरी तौर पर मदद कर रहे हैं। आज 15 नवंबर को जमुई में भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिवस के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन किया गया है। यह बहुत खुशी की बात है कि इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री जमुई आए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा आदिवासी समाज के नायक थे, जिन्होंने जनजातीय समाज के लिए काफी संघर्ष किया था। भगवान बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर, 1875 को रांची में हुआ था। आज रांची अलग हुआ है, लेकिन उस समय जब उनका जन्म हुआ था, तब बंगाल, बिहार और उड़ीसा सब एक ही साथ था। आजादी की लड़ाई के कुछ दिनों के बाद बंगाल से बिहार अलग हुआ और उसके कुछ महीनों के बाद उड़ीसा अलग हुआ। तब बिहार और झारखंड सब एक ही साथ था। झारखंड काफी दिनों के बाद वर्ष 2000 में बिहार से अलग हुआ था। उस समय अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में जो केंद्र में सरकार थी, उसने बिहार से अलग झारखंड राज्य बनाने का निर्णय लिया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की आजादी और आदिवासी समाज के उत्थान में भगवान बिरसा मुंडा का बड़ा योगदान रहा है। जब वे अंग्रेजों के खिलाफ आंदोलन कर रहे थे। तब उन्हें जेल में डाल दिया गया था। जहां वर्ष 1900 में 25 साल में उनका निधन हो गया था।मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार ने वर्ष 2007 में पटना में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा लगवाई गई थी। राज्य सरकार ने हर साल 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिवस को राजकीय समारोह के रूप में मनाया जाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2005 में बिहार में एनडीए की सरकार बनीं, तब से हमलोगों ने वहां पर जनजातीय समाज के लिए बहुत सारे काम किए हैं। मैं पुनः कह देता हूं कि हमलोग उनके साथ (भाजपा ) रहेंगे। बीच में गलती कर दिए मेरे यहां के ही कुछ लोगाें ने। श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के समय से हमलोग साथ में हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री पूरे देश के लिए काम कर रहे हैं और बिहार के लिए भी इन्होंने काफी कुछ किया है और कर रहे हैं। प्रधानमंत्री जहां कहीं भी जाते हैं, वहां के लिए काफी काम करवा देते हैं। अब यहीं पर आएं हैं तो इन्होंने इतना कुछ विकास का काम करवा दिया। इनका स्वागत है, इनका अभिनंदन है।

Related Articles

Latest News