Friday, April 24, 2026
Homeराष्ट्रीयआज़मगढ़ में अखिलेश यादव की जनसभा में कार्यकर्ताओं का बवाल, पुलिस ने...

आज़मगढ़ में अखिलेश यादव की जनसभा में कार्यकर्ताओं का बवाल, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

आजमगढ़ (हि.स.)। जिले के लालगंज लोकसभा के सरायमीर बाजार के खरेवा मोड़ पर मंगलवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की जनसभा में कार्यकर्ताओं ने जमकर बवाल किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बेलगाम कार्यकर्ताओं ने जनसभा स्थल पर अखिलेश यादव के आते ही बैरिकेडिंग को तोड़ डाला और मंच की तरफ बढ़ने लगे। उन्हें पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो कार्यकर्ता झड़प करते हुए मंच के काफी नजदीक पहुंच गए और उपद्रव शुरू कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने मोर्चा संभाला और कार्यकर्ताओं पर लाठीयां बरसाई।

इस दौरान सपा कार्यकर्ता जनसभा स्थल पर लगी कुर्सियों को तोड़कर पुलिसकर्मियों व मंच की तरफ फेंकने लगे। इस दौरान सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव मंच पर बैठे रहे और संचालक लगातार कार्यकर्ताओं से संयम बरतने की अपील करते रहे, लेकिन इसका कोई असर नहीं पड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो मंच के सामने पहुंचने की होड़ के चलते चारों तरफ से कार्यकर्ता आपस में ही भीड़ गए। किसी तरह से पुलिस ने कार्यकर्ताओं को बैरिकेडिंग के अंदर किया।

उल्लेखनीय है कि छठवें चरण में आजमगढ़ में 25 मई को मतदान को लेकर अखिलेश यादव की जनपद में यह पहली जनसभा थी, लेकिन इसमें जिस प्रकार से हंगामा हुआ वह एक बार फिर कई सवाल खड़े कर दिया है। हालांकि काफी मशक्कत के बाद जनसभा को अखिलेश यादव ने सिर्फ कुछ ही देर के लिए संबोधित किया।

Related Articles

Latest News