विजयादशमी पर रक्षामंत्री फ्रांस में करेंगे शस्त्र पूजा, लेकर आएंगे पहला राफेल लड़ाकू विमान

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज फ्रांस की दो दिवसीय यात्रा पर रवाना होंगे। वे कल 8 अक्टूबर की सुबह फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों से मुलाकात करेंगे। इसके पश्चात रक्षा मंत्री फ्रांस की सशस्त्र बलों की मंत्री सुश्री फ्लोरेंस पार्ली के साथ मेरिग्नैक में राफेल लड़ाकू विमान भारत को सौंपे जाने से संबंधित समारोह में भाग लेंगे। राजनाथ सिंह विजयादशमी के पावन अवसर पर शस्त्र पूजा करेंगे और राफेल लड़ाकू विमान में सवार होकर उड़ान भरेंगे।
अपनी यात्रा के दौरान राजनाथ सिंह फ्रांस की सशस्त्र बलों की मंत्री सुश्री फ्लोरेंस पार्ली के साथ वार्षिक रक्षा संवाद करेंगे। और 9 अक्टूबर को रक्षा मंत्री फ्रांसीसी रक्षा उद्योग के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों को संबोधित करेंगे। इस दौरान व‍ह उनसे 5-8 फरवरी 2020 को लखनऊ में आयोजित होने वाले मेक इन इंडिया और डेफएक्सपो में भाग लेने का आग्रह कर सकते हैं।