IPL-2021: दिल्ली कैपिटल्स ने दी मुंबई इंडियंस को 6 विकेट से मात

IPL-2021

मुंबई में खेले गये आईपीएल टूर्नामेंट के 13वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियन्स को 6 विकेट से हरा दिया। मुंबई इंडियंस द्वारा दिये गये 138 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली ने सलामी बल्लेबाज शिखर धवन के 45 रनों और स्टीव स्मिथ की 33 रनों की पारियों की बदौलत 19.1 ओवर में 4 विकेट पर 138 रन बनाकर जीत दर्ज की।

मुंबई इंडियंस की ओर से जसप्रीत बुमराह, जयंत यादव, राहुल चाहर तथा किरोन पोलार्ड ने एक-एक विकेट लिया।

इससे पहले मुंबई इंडियंस की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। मुंबई की ओर से कप्तान रोहित शर्मा ने सर्वाधिक 44 रन बनाए। उनके अलावा इशान किशन ने 26 रन, सूर्यकुमार यादव ने 24 रन और जयंत यादव ने 23 रनों का योगदान दिया।

वहीं दिल्ली कैपिटल्स की ओर से अमित मिश्रा ने 24 रन देकर 4 विकेट हासिल किये। उनके अलावा आवेश खान ने 2 विकेट लिये, जबकि ऑफ स्पिनर ललित यादव को 1 विकेट मिला।