एमपी सहित देश के 6 राज्यों में खेलो इंडिया राज्य उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करेगा खेल मंत्रालय

खेल मंत्रालय ने अपनी प्रमुख योजना खेलो इंडिया योजना के तहत देश के 6 राज्यों में खेलो इंडिया राज्य उत्कृष्टता केंद्र (केआईएससीई) स्थापित करने का निर्णय लिया है।

इनमें मध्य प्रदेश के अलावा मेघालय, दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव, महाराष्ट्र, असम और सिक्किम को दूसरे चरण के लिए चुना गया है।

केआईएससीई की स्थापना के निर्णय के बारे में केंद्रीय युवा कार्य और खेल मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि ये 6 नए खेलो इंडिया राज्य उत्कृष्टता केंद्र देश में एक मजबूत खेल ढांचा विकसित करने की दिशा में एक और कदम है।

उन्होंने कहा कि यह आने वाले वर्षों में ओलंपिक खेलों में भारत के उत्कृष्ट प्रदर्शन को सुनिश्चित करने में मदद करेंगे। हम आने वाले दिनों में और अधिक अत्याधुनिक केंद्रों को इस सूची में जोड़ने की दिशा में कार्यरत हैं।

खेल मंत्री ने कहा कि इससे यह सुनिश्चित होगा कि एथलीटों को उनके विशिष्ट खेल में उच्चतम स्तर का प्रशिक्षण दिया जा सके।

उन्होंने कहा कि इसके साथ ही यह प्रशिक्षण केंद्र देश में सर्वोत्तम सुविधाएं प्रदान करते हैं।

उन्होंने बताया कि इससे पहले इस वर्ष के आरम्भ में खेल मंत्रालय ने पहले चरण में कर्नाटक, ओडिशा, केरल, तेलंगाना और पूर्वोत्तर राज्यों अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मिजोरम और नागालैंड सहित आठ केंद्रों की पहचान की थी। उनके मौजूदा केंद्रों को खेलो इंडिया राज्य उत्कृष्टता केंद्र (केआईएससीई) में अपग्रेड किया जाएगा।

केआईएससीई के नए केंद्र-
असम- राज्य खेल अकादमी, सरजूसाई स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, गुवाहाटी
दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव- न्यू स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सिलवासा
महाराष्ट्र- श्री शिव छत्रपति शिवाजी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, बालेवाड़ी, पुणे
मध्य प्रदेश- एमपी अकादमी, भोपाल
मेघालय- जेएनएस कॉम्प्लेक्स शिलांग
सिक्किम- पलजोर स्टेडियम, गंगटोक