मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने लाइनमैन दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अभियंता जबलपुर क्षेत्रांतर्गत 110 लाइनमैनों को सम्मानित किया, जिसमें 50 सेवारत लाइन कर्मी, 40 सेवानिवृत लाइनकर्मी एवं दुर्घटना में मृत हुए 10 कार्मिकों के परिजनों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरूआत में संजय अरोरा, अधीक्षण अभियंता (शहर) जबलपुर द्वारा मुख्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया। कार्यक्रम में एलके नामदेव कार्यपालन अभियंता (पूर्व संभाग) एवं विकास सिंह कार्यपालन अभियंता (उत्तर संभाग) ने लाइनमैनों के दायित्व एवं सुरक्षा के दृष्टिगत एक प्रजेन्टेशन प्रस्तुत किया, जिसमें विद्युत दुर्घटना रोकने के उपाय, लाइनमैनों के दायित्व एवं विद्युत संबंधी कार्य करने के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के विषय में जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम के अगले चरण में केएल वर्मा मुख्य अभियंता (जबलपुर क्षेत्र) ने प्रबंध संचालक का सन्देश पढ़ा एवं लाईनमैनों को सुरक्षा शपथ भी दिलवाई।

कार्यक्रम के आयोजक केएल वर्मा, मुख्य अभियंता जबलपुर क्षेत्र ने अपने उद्बोधन में लाईनमैनों को एक वृक्ष की जड़ के रूप में बताया तथा सभी कर्मियों को बताया हमारी पहचान कंपनी से हैं इसलिए सदा कंपनी के गौरव को बनाए रखना हैं।
मुख्य महाप्रबंधक (कार्य/आरडीएसएस) संजय भागवतकर ने अपने उद्बोधन में लाईनमैनों द्वारा मौसम की विपरीत परिस्थितियों जैसे- कड़कड़ाती ठंड, भीषण बारिश् एवं प्रतिकूल परिस्थितियों में भी किये जाने वाले कार्यों की सराहना की एवं बताया की शासन की सभी योजनाएं लाईनमैनों द्वारा ही जनसामान्य तक पहुँचती हैं। सभी कार्मिकों को मेहनत व लगन से कार्य करने की प्रेरणा दी एवं महिला लाईन कार्मिकों के कार्य की भी सराहना की।
कंपनी के एक सेवानिवृत्त लाइनमैन कुंजीलाल सैनी (उम्र 85 वर्ष) ने अपने अनुभव साझा करते हुए लाइनमैनों को सलाह दी कि लाइन पर कार्य करते समय लिखित परमिट अवश्य लें, समारोह उपस्थित सेवानिवृत्त लाइनमैन भैयालाल तिवारी ने मंच से बताया कि इस तरह का सम्मान समारोह देखकर मन गदगद हो गया ।
लोकराग समिति के सदस्यों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्युत लाईन में कार्य के दौरान सुरक्षा उपकरण का उपयोग न करने से होने वाले नुकसान को रोचक ढंग से बताया एवं सेना के अधिकारियों ने विद्युत आघात से यदि ह्रदय गति अवरूध होती है तो इन परिस्थितियों में सीपीआर तकनीक के माध्यम से किस तरह जान बचाई जा सकती है, उसका डैमो करके भी दिखाया।
कार्यक्रम में कंपनी के मुख्य महाप्रबंधक (कार्य) संजय भागवतकर, मुख्य महाप्रबंधक (वाणिज्य) अशोक सिंह धुर्वे, मुख्य वित्तीय अधिकारी विक्रम भास्कर, मुख्य अभियंता (प्रवर्तन) जीडी वासनिक, अति मुख्य महाप्रबंधक (प्रशासन) एसके गिरिया, महाप्रबंधक (स्थापना) आरसी साहू के साथ बड़ी संख्या में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति रही।











