मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी एवं भारतीय स्टेट बैंक के बीच कॉर्पोरेट सैलेरी पैकेज के तहत नया अनुबंध (एमओयू) किया गया है। कंपनी के प्रबंध संचालक अनय द्विवेदी की ओर से मुख्य महाप्रबंधक (मा.सं. एवं प्रशा.) श्रीमती नीता राठौर एवं भारतीय स्टेट बैंक की ओर से उप महाप्रबंधक हरे राम सिंह के बीच अनुबंध किया गया।
अनुबंध के दौरान बैंक की ओर से क्षेत्रीय प्रबंधक देवेश गोयल, सहायक महाप्रबंधक शैलेश चतुर्वेदी, नयागांव शाखा के मुख्य प्रबंधक चेतन शर्मा और कंपनी की ओर से मुख्य वित्तीय अधिकारी विक्रम भास्कर, अति. मुख्य महाप्रबंधक (प्रशासन) एसके गिरिया, महाप्रबंधक (स्थापना) आरसी साहू उपस्थित रहे।
अनुबंध में वेतन के आधार पर सिल्वर, गोल्ड, डायमंड, प्लैटिनम एवं रोडियम श्रेणियों में बांटा गया है, श्रेणी के आधार पर खाताधारकों को कई सुविधाएं भी प्राप्त होंगी।
व्यक्तिगत मृत्यु अथवा अपंगता होने की स्थिति में लाभ
समस्त श्रेणी के खाताधारकों को व्यक्तिगत सामान्य मृत्यु होने पर दस लाख एवं दुर्घटना मृत्यु होने पर एक करोड़, हवाई दुर्घटना में मृत्यु होने पर एक करोड़ साठ लाख, स्थायी अपंगता होने पर एक करोड़, स्थायी आंशिक अपंगता पर अस्सी लाख तक का बीमा का नि:शुल्क लाभ मिलेगा।
नि:शुल्क सुविधायें
समस्त श्रेणी के खाताधारकों को मिनिमम बैलेंस, पासबुक, इंटरनेट बैंकिंग, एटीएम कम डेबिट कार्ड, एटीएम में आहरण सीमा, ऑनलाइन एनईएफटी एवं आरटीजीएस, एसएमएस अलर्ट, ड्राफ्ट इशू चार्जेस, रूपये डेबिट कार्ड, मल्टीसिटी चेक की सुविधायें नि:शुल्क होंगी। साथ ही स्टेडिग इन्स्ट्रक्शन, ऑटोस्वीप, लॉकर रेंट, होम लोन, कार लोन, एसबीआई पर्सनल लोन पर ब्याज रियायती दरों पर उपलब्ध होंगें।
एसबीआई रिश्ते योजना के तहत पच्चीस हजार से अधिक वेतन पाने वाले कर्मचारियों के परिवार के लिये परिवार बचत खाता कार्पोरेट सैलेरी पैकेज के तहत जोड़कर नि:शुल्क एवं रियायती सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। परिवार के वयस्क सदस्य को पॉच लाख रूपयें तक का व्यक्तिगत दुर्घटना मृत्यु बीमा उपलब्ध है।
अतिरिक्त सुविधाएं
भारतीय स्टेट बैंक द्वारा कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज के अंतर्गत Add On Covers (अतिरिक्त सुविधाएं) उपलब्ध कराई है, जिसमें जलने पर प्लास्टिक सर्जरी के लिये दस लाख, आयातित दवा के परिवहन मे पाँच लाख तक, दुर्घटना के बाद कोमा में मृत्यु (48 घंटे से अधिक) में पॉच लाख, एम्बुलेंस शुल्क (अधिकतम) 50 हजार, एयर एम्बुलेंस कवर में दस लाख तक, दुर्घटना के समय आयु 18 से 25 वर्ष के बीच होने पर व्यक्तिगत दुर्घटना (मृत्यु) बीमा 20%, एक बालिका के लिये पॉच लाख तक दो बालिकाओं के लिये अधिकतम दस लाख तक विवाह लाभ तथा व्यक्तिगत दुर्घटना (मृत्यु) बीमा 25%, लड़के के लिये आठ लाख तक एवं लड़की के लिये दस लाख तक अतिरिक्त शिक्षा लाभ, पार्थिव शरीर का परिवहन (अधिकतम) 50 हजार, पारिवारिक परिवहन-दुर्घटना स्थल तक पहुंचने के लिए परिवार के तत्काल दो सदस्यों द्वारा की गई यात्रा की लागत (अधिकतम) 50 हजार की सुविधाओं का लाभ कंपनी के एसबीआई खाताधारक कर्मचारी उठा सकेंगे।










