आज कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी: देश के 18 राज्यों में मानसून की आमद के बाद मानसून की रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ गई है, इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने अपने पूर्वानुमान में आने वाले सप्ताह में भारत के बड़े हिस्से में भारी बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वोत्तर भारत में आंधी-तूफान और बारिश का दौर जारी रहेगा। पूर्वोत्तर राज्यों के कई स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है।
इन राज्यों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार आज छत्तीसगढ़, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, गोवा, महाराष्ट्र और राजस्थान के अलग-अलग स्थानों पर आंधी चलने और बिजली कड़कने के साथ ही भारी बारिश होने की संभावना है।
दिल्ली-NCR का मौसम
मौसम विभाग ने कहा है कि फिलहाल दिल्ली-एनसीआर में बारिश की कोई संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने कहा कि आने वाले दिनों में दिल्ली में गर्मी बढ़ेगी।
इन राज्यों में लू चलने का अलर्ट
मौसम विभाग ने ओडिशा में लू चलने की संभावना जताई है, जबकि पश्चिमी राजस्थान में शनिवार से सोमवार तक भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है। इस दौरान राजस्थान के कई जिलों में लू भी चलेगी। वहीं मौसम विभाग ने तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में कई दिनों तक बारिश का अनुमान जताया है।








