भारतीय स्मार्टफोन निर्माता Lava ने अपने बजट स्मार्टफोन पोर्टफोलियो को बढ़ाते हुए नया हैंडसेट Lava Shark 2 4G लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इसे खासतौर पर उन यूजर्स के लिए पेश किया है जो कम बजट में फीचर-रिच स्मार्टफोन की तलाश में हैं। यह फोन अपने पिछले मॉडल Lava Shark (मार्च 2025 में लॉन्च) का अपग्रेडेड वर्ज़न है। नए संस्करण में बेहतर कैमरा, बड़ी बैटरी और स्मूद डिस्प्ले जैसी खूबियाँ जोड़ी गई हैं।
भारत में Lava Shark 2 4G की कीमत ₹6,999 रखी गई है। यह स्मार्टफोन 4GB RAM + 64GB स्टोरेज के एकमात्र वेरिएंट में आता है। कंपनी ने इसे दो कलर ऑप्शन — Aurora Gold और Eclipse Grey में लॉन्च किया है। Lava ने पुष्टि की है कि यह डिवाइस ऑफलाइन रिटेल स्टोर्स पर बिक्री के लिए उपलब्ध होगा और ग्राहकों को डोरस्टेप सर्विस का लाभ भी मिलेगा।
स्पेसिफिकेशन और परफॉर्मेंस- Lava Shark 2 4G में 6.75 इंच का HD+ डिस्प्ले (720×1612 पिक्सल) दिया गया है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करता है। स्क्रीन के टॉप पर सेंट्रल होल-पंच कटआउट के साथ सेल्फी कैमरा दिया गया है। फोन में ऑक्टा-कोर Unisoc T7250 प्रोसेसर मौजूद है, जो रोज़मर्रा के कामों और हल्के गेमिंग के लिए पर्याप्त परफॉर्मेंस देता है। इसमें 4GB RAM और 64GB स्टोरेज है, जिसे वर्चुअल RAM फीचर की मदद से 8GB तक बढ़ाया जा सकता है। सॉफ्टवेयर की बात करें तो यह डिवाइस Android 15 पर काम करता है। Lava ने फोन को एक Android अपग्रेड और दो साल के सिक्योरिटी अपडेट्स देने का वादा किया है।
कैमरा और बैटरी- Lava Shark 2 4G में AI-बेस्ड 50 मेगापिक्सल रियर कैमरा दिया गया है, जो डे-लाइट फोटोग्राफी और वीडियो रिकॉर्डिंग में शानदार प्रदर्शन करता है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है। पावर के लिए फोन में 5,000mAh की बैटरी है, जो 18W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है। हालांकि, बॉक्स में कंपनी 10W चार्जर ही दे रही है। चार्जिंग के लिए USB Type-C पोर्ट मौजूद है, और फोन को IP54 रेटिंग के साथ धूल व पानी से सुरक्षा दी गई है।









