Friday, April 24, 2026
Homeमध्य प्रदेशकिसान व नौकरानी की नृशंस हत्या, पत्नी की हालत गंभीर

किसान व नौकरानी की नृशंस हत्या, पत्नी की हालत गंभीर

जबलपुर। एमपी के अनूपपुर स्थित ग्राम लखनपुर में देर रात किसान राजेन्द्र पटेल, उनकी पत्नी रुपा व नौकरानी सीमा बैगा पर धारदार हथियारों से हमला किया गया। हमले में राजेन्द्र व नौकरानी सीमा की मौत हो गई। वहीं पत्नी रुप के शरीर पर गंभीर चोटें आई। आज सुबह किसान के बेटे ने तीनों को देखा तो पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ के बाद रुपा की हालत को देखते हुए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां पर हालत को देखते हुए भरती कर लिया गया है।

बताया गया है कि ग्राम लखनपुर निवासी पटेल परिवार खेती किसानी करता है। राजेन्द्र पटेल के नए घर का निर्माण कार्य चल रहा है। जिसके चलते राजेन्द्र पटेल उम्र 40 वर्ष, उनकी पत्नी रुपा 38 वर्ष व नौकरानी सीमा बैगा 25 वर्ष बरामदे में ही रहे थे। रात 11 बजे के लगभग राजेन्द्र का बेटा ट्रैक्टर लेकर खेत चला गया। देर रात अज्ञात तत्वों ने घर में घुसकर तीनों पर धारदार हथियारों से हमला किया। हमले में किसान राजेन्द्र पटेल व नौकरानी सीमा की मौत हो गई। वहीं राजेन्द्र की पत्नी रुपा के शरीर पर गंभीर चोटें आई।

आज सुबह राजेन्द्र का बेटा आलोक घर आया तो देखा कि तीनों खून से लथपथ पड़े है, हमले की खबर गांव में आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते गांव के सैकड़ों लोग एकत्र हो गए। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाया। वहीं रुपा पटेल की हालत को देखते हुए शहडोल के अस्पताल रेफर किया गया, जहां पर डाक्टरों ने भरती कर इलाज शुरु कर दिया। अस्पताल में भरती रुपा की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है। पुलिस को पूछताछ में पता चला कि राजेन्द्र का छोटा बेटा आयुष पटेल उम्र 8 वर्ष घर के अंदर सो रहा था। उसे किसी के बारे में कोई जानकारी नहीं है। नौकरानी सीमा बैगा की शादी नहीं हुई है, उसका सिर बुरी तरह से कुचला हुआ था।

किसान का परिवार संपन्न है, किसी से कोई रंजिश नहीं थी-

ग्रामीणों ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि राजेंद्र का परिवार काफी संपन्न है। उनके पास दो ट्रैक्टर सहित खेती किसानी में उपयोग होने वाली कई मशीनें हैं। जिन्हें परिवार किराए पर देता है। कई एकड़ सिंचित खेती है। गांव में किसी से कोई रंजिश भी नहीं है।

Related Articles

Latest News