एमपी के जबलपुर में पुलिस ने खमरिया व रांझी पुलिस ने खेरमाई मंदिर के पीछे जंगल में दबिश देकर नाले के किनारे जमीन पर दबाकर रखी गई अवैध शराब व लाहन जब्त किया है। पुलिस की दबिश के बाद अवैध कारोबारियों में भगदड़ मच गई। पुलिस ने यहां से करीब 50 ड्रमों में रखी गई अवैध शराब व 50 हजार लीटर लाहन जब्त किया है। बताया गया है कि खमरिया खेरमाई मंदिर के पीछे करीब 50 एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैले जंगल में लंबे समय से अवैध रुप से शराब बनाने का कारोबार किया जा रहा र्है। इस जहरीली शराब के सेवन से न केवल लोग बीमार पड़ सकते थे, बल्कि जान का खतरा भी बना रहता था।
पुलिस को खबर मिली कि जंगल में कारोबारी अवैध रुप से शराब बना रहे है, जिसपर रांझी व खमरिया पुलिस ने आज दोपहर के वक्त दबिश दी तो देखा कि जमीन के भीतर लोहे के ड्रम और प्लास्टिक की सिंटेक्स टंकियां दबी हुई मिलीं। जहां पर अवैध शराब बनाई जा रही थी, वहां पास के नाले में गंदा पानी बह रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी गंदे नाले के पानी का उपयोग शराब बनाने में किया जा रहा था।
फिलहाल पुलिस ने जब्त लाहन और कच्ची शराब को मौके पर ही नष्ट कर दिया है। साथ ही शराब के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। बताया जा रहा है कि महुआ और गुड़ को मिलाकर यह शराब तैयार की जाती थी। इसके लिए गंदे नाले के पानी का उपयोग किया जाता था। कुछ दिनों बाद जब महुआ और गुड़ सड़ जाते थे तो उससे कच्ची शराब बनती थीए जिसे बाद में बेचा जाता था। रांझी के बापू नगर क्षेत्र में कई घरों से यह शराब 50 से 100 रुपए प्रति पैग के हिसाब से बेची जा रही थी।











