जबलपुर। एमपी के जबलपुर स्थित पाटन में शराब दुकान के सामने उस वक्त अफरातफरी मच गई। जब शराब के नशे में धुत्त सपेरा दुकान के सामने सांप छोड़कर भाग निकला। सांप को देख लोग दुकान तक नहीं पहुंच पाए। काफी देर तक परेशान रहने के बाद दुकान संचालक ने सर्प विशेषज्ञ मौके पर बुलाया। कड़ी मशक्कत कर सांप को पकडऩे के बाद जंगल में छोड़ दिया गया।
बताया गया है कि आज दोपहर के वक्त एक सपेरा पाटन दुकान पहुंचा और शराब खरीदकर वहीं बैठकर पीने लगा। कुछ ही देर बाद वह इस कदर नशे में धुत हो गया कि उसे जरा भी होश नहीं रहा। इसके बाद सपेरे ने सांप को पोटली से निकालकर दुकान के सामने छोड़ा और चला गया। कुछ देर बाद जब शराब खरीदने के लिए कुछ लोग वहां पहुंचे तो देखा की पोटली के पास काला नाग बैठा हुआ था जिसे देखकर लोग डर गए।
थोड़ी देर बाद नाग को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। स्थानीय लोगों का कहना था कि सांप की रक्षा कर रहे हैं ऐसा ना हो कि कोई शराब के नशे में हो तो होकर इस सांप को मार डाले। करीब आधे घंटे के बाद दुकान संचालक ने सर्प विशेषज्ञ को फोन लगाकर मौके पर बुलाया। इसके बाद कोबरा नाग का रेस्क्यू करते हुए उसे पकड़कर जंगल में छोड़ दिया गया।











