Sunday, July 26, 2026
Homeराष्ट्रीयप्रकाश पर्व पर निकाली प्रभात फेरी, पंजाब से आए गतका दल ने...

प्रकाश पर्व पर निकाली प्रभात फेरी, पंजाब से आए गतका दल ने दिखाए करतब

(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में रविवार को गुरु गोबिंद सिंह के 359वें प्रकाश पर्व पर सिख समाज ने प्रभात फेरी निकाली। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के तत्वावधान में यह प्रभात फेरी शहर के पंजाबी कॉलोनी स्थित गुरुद्वारा से शुरू हुई।

प्रभात फेरी शाहगंज चौराहा, चौक, सब्जीमंडी और मेडिकल कॉलेज चौराहा सहित विभिन्न स्थानों से होकर गुजरी। रास्ते भर जगह-जगह पुष्प वर्षा कर इसका भव्य स्वागत किया गया।

पंज प्यारों की अगुवाई इस प्रभात फेरी का मुख्य आकर्षण रही। इस अवसर पर पंजाब से आए गतका दल ने प्रमुख चौराहों पर हैरतअंगेज करतब दिखाए, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

गुरुद्वारा प्रबंधक महेंद्र पाल सिंह ने बताया आज पूरा देश सिखों के दसवें गुरु, महान योद्धा और मानवता के रक्षक गुरु गोबिंद सिंह जी का प्रकाश पर्व मना रहा है। सुल्तानपुर में भी श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। शहर के गुरुद्वारों में विशेष अरदास और शबद कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है।

भव्य नगर कीर्तन में ‘बोले सो निहाल’ के जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। गुरु गोबिंद सिंह जी ने हमें ‘मानस की जात सबै एकै पहचानबो’ का संदेश दिया। उन्होंने जुल्म के खिलाफ आवाज उठाने और धर्म व सच्चाई की राह पर चलने की प्रेरणा दी।

इस मौके पर सरदार इंद्रजीत सिंह कलेर, सरदार गुरुचरण सिंह, पीपी सिंह, सरदार महेंद्र पाल सिंह कलेर, सरदार तेजेंदर सिंह कलेर, आकाश सिंह बग्गा, मनमीत सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Latest News