जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेलवे स्टेशन पर एआई जेनरेटेड वीडियो बनाकर प्लेन को उतारने की घटना को अंजाम देने वाले युवक को आखिरकार पुलिस ने नरसिंहपुर जिले के विक्रमपुर से रविवार 18 जनवरी को पकड़ लिया है.
पिछले दिनों जबलपुर में एक वीडियो सामने आया था, जिसमें हवाई जहाज रेलवे स्टेशन पर लैंड कर गया। वीडियो में एक युवक बता रहा है कि पायलट को रेलवे स्टेशन पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी है। युवक का नाम अभी पटेल है, जो जबलपुर के महाकौशल कॅालेज में बीकाम फस्र्ट ईयर का छात्र है।
पुलिस ने छात्र के खिलाफ बीएनएस की धारा 170 के तहत मामला दर्ज कर माफीनामा लिखवाने के बाद छोड़ दिया है। पूछताछ के दौरान अभी ने पुलिस को बताया कि इंस्टाग्राम में फॉलोअर को बढ़ाने के लिए उसने एआई तकनीक से यह वीडियो बनाया था। अभी का कहना है कि दोबारा वह इस तरह की कभी गलती नहीं करेगा।
एआई जनरेटेड वीडियो से स्टेशन पर प्लेन दिखाया
अभी पटेल ने एआई जनरेटेड वीडियो में जबलपुर रेलवे स्टेशन दिखाया। फिर ट्रैक पर इंजन खड़ा कर दिया, उसके बगल से एक बड़ा हवाई जहाज भी खड़ा था। दोनों में टक्कर हो गई। वीडियो में अभी पटेल स्वंय कमेंट्री भी करते हुए पूरी घटना बता रहा है।
जबलपुर रेलवे स्टेशन में आज तक कभी ऐसा नहीं देखा गया कि जहाज सीधे पटरियों पर लैंड होगा। सब लोग हैरान थे, वहीं पायलट ने कहा कि एमरजेंसी थी, इसलिए रेलवे स्टेशन में आकर रुक गया, अब यह आगे नहीं बढ़ सकता। ट्रेन भी नहीं चल सकती। पुलिस मौके पर पहुंच गई है।










