Sunday, July 26, 2026
Homeमध्य प्रदेशललपुर में बन रहे निर्माणाधीन पुल की सेंटिंग धङाम से नीचे,1 मृत,...

ललपुर में बन रहे निर्माणाधीन पुल की सेंटिंग धङाम से नीचे,1 मृत, 2 घायल

जबलपुर। ललपुर क्षेत्र के समीप एनएचआई द्वारा निर्माणाधीन पुल पर रविवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। पिलर की सेंट्रिंग लगाए जाने के दौरान संतुलन बिगड़ने से पूरी संरचना अचानक नीचे गिर गई। हादसे में मौके पर काम कर रहे तीन मजदूर चपेट में आ गए, जिनमें से एक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।

एनएचआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर अमृतलाल साहू ने बताया कि रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे पिलर की सेटिंग का कार्य चल रहा था, तभी यह दुर्घटना हुई। घायलों को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक डॉ. अरविंद शर्मा के अनुसार, दोनों घायलों के हाथ और पैर में फ्रैक्चर हुआ है, हालांकि उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। घायलों की पहचान राहिल रासन और राजेश्वर के रूप में हुई है। उनका एक्स-रे और अन्य चिकित्सीय जांच जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने घायलों को समुचित इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही शहपुरा एसडीएम मदन रघुवंशी को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति संभालने के आदेश दिए गए।

*

Related Articles

Latest News