कटनी: मध्य प्रदेश के कटनी जिले के माधव नगर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक विवाहिता को कथित तौर पर 14 दिनों तक बंधक बनाकर दुष्कर्म किया गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता के अनुसार, घटना 11 फरवरी 2026 की है। आरोपी दशरथ कोल उसके घर पहुंचा और बच्चों को जान से मारने की धमकी देकर उसे जबरन अपने साथ ले गया। बच्चों की सुरक्षा को लेकर डरी महिला विरोध नहीं कर सकी। आरोपी उसे कचरा प्लांट के पास स्थित एक सुनसान कमरे में ले गया, जहां उसे कैद कर लिया गया।
14 दिनों तक कैद और मारपीट का आरोप
महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उसे दो सप्ताह तक बंधक बनाए रखा और इस दौरान लगातार दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई, जिससे शरीर पर चोट के निशान हैं।
बुधवार को महिला का पति उसे तलाशते हुए उसी इलाके में पहुंचा। पत्नी की आवाज सुनकर उसने स्थानीय लोगों की मदद से कमरे का दरवाजा खुलवाया और उसे मुक्त कराया।
एफआईआर दर्ज, मेडिकल जांच जारी
मुक्त होने के बाद महिला ने अपने पति के साथ माधव नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अधिकारी नेहा पच्चीसिया ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपी दशरथ कोल को गिरफ्तार कर लिया गया है और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।











