जबलपुर. मध्य प्रदेश के जबलपुर के आधारताल में स्थित एक दुकान के बाहर लगे बोर्ड को हिंदू धर्म सेना जबलपुर के कार्यकर्ताओं ने तोड़ दिया। इसके साथ ही चेतावनी दी है कि जो भी दुकानदार अपना धर्म और नाम बदलकर व्यापार करेगा, उसकी दुकान किसी भी कीमत पर चलने नहीं दी जाएगी।
बुधवार 25 मार्च को संगठन के कार्यकर्ताओं ने आधारताल थाना प्रभारी को एक शिकायत पत्र देकर मांग की है कि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, जो नाम की आड़ में जिहाद फैलाने का काम कर रहे हैं। दरअसल, हिंदू धर्म सेना को जानकारी मिली थी कि आधारताल चौक पर विशेष समुदाय के लोग हिंदू नाम से दुकान संचालित कर रहे हैं।
टीआई ने आश्वासन दिया है कि ऐसे व्यक्तियों को पुलिस चिन्हित कर सख्ती से समझाइश देगी कि नाम बदलकर बोर्ड न लगाया जाए। बता दें कि पुलिस ने हाल ही में दुकान संचालक मोहम्मद जावेद हुसैन को एक लड़की को दो लाख रुपए में बेचने के आरोप में उसकी महिला साथी के साथ गिरफ्तार किया था।
संचालक का नाम हुसैन, दुकान का नाम पिंकी
आधारताल चौक में गारमेंट्स एंड मेन्स वियर की दुकान है, जिसका नाम पिंकी शॉप है। हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं को जानकारी लगी कि एक विशेष समुदाय के लोग हिंदू लड़की के नाम से दुकान चला रहे हैं। हिंदू धर्म सेना के कार्यकर्ता आधारताल स्थित दुकान पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए बोर्ड तोड़ दिया।
हंगामे की जानकारी मिलते ही टीआई प्रवीण सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि शिकायत पर कार्रवाई जरूर होगी। हिंदू धर्म सेना के प्रदेश अध्यक्ष नीरज राजपूत का कहना है कि पूरे शहर में इस तरह का मामला चल रहा है, जहां विशेष समुदाय के लोग हिंदू नाम से दुकान खोल रहे हैं। उन्होंने बताया कि इसके पीछे उद्देश्य लड़कियों को बहलाना और बाद में उनके साथ गलत करना है।
5 दिन पहले हुआ जावेद गिरफ्तार
पिंकी गारमेंट्स के नाम से दुकान चला रहे संचालक मोहम्मद जावेद हुसैन को पांच दिन पहले ही आधारताल पुलिस ने एक लड़की को राजस्थान में रहने वाले पारस नाम के व्यक्ति को दो लाख रुपए में बेचने के मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसकी एक साथी पूनम को भी पकड़ा है।
मामले में उज्जैन और राजस्थान के दो आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। शहर के गोहलपुर में रहने वाली 19 वर्षीय युवती, मोहम्मद हुसैन की दुकान पर काम करती थी, 11 दिसंबर 2025 को लापता हो गई थी। परिजनों ने आधारताल थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। जांच के दौरान मामला मानव तस्करी में बदल गया।
पुलिस को पता चला कि मोहम्मद जावेद ने अपनी महिला साथी पूनम के साथ मिलकर युवती को उज्जैन निवासी ईश्वर के हवाले किया, जहां से उसे जबरन राजस्थान के कोटा निवासी पारस को दो लाख रुपए में बेच दिया गया।
चार महीने बाद युवती हुई आजाद
गोहलपुर निवासी युवती को पारस के घर में बंधक बनाकर रखा गया था। चार माह बाद वह मौका पाकर 18 मार्च को जबलपुर पहुंची और पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने जावेद और पूनम को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
अन्य दुकानों पर भी उठे सवाल
हिंदू धर्म सेना के कार्यकर्ताओं ने आसपास की दुकानों में भी पूछताछ की। इसमें सामने आया कि कुछ अन्य दुकानों में भी अलग नाम से व्यापार किया जा रहा है। पास ही एक दुकान डीएल ऑनलाइन के नाम से चल रही थी। पूछताछ में संचालक ने अपना नाम अंसारी बताया, जिसके बाद उसे वास्तविक नाम से दुकान चलाने की सलाह दी गई। इसी तरह एक दुकान मैडम टेलर नाम से भी संचालित पाई गई।











