जबलपुर. मंडला-जबलपुर नेशनल हाईवे-30 पर टिकरिया थाना क्षेत्र के ग्राम सहजनी के पास 1 अप्रैल बुधवार की सुबह सड़क हादसा हो गया। मंडला से जबलपुर आ रहा एक हाईवा अनियंत्रित होकर सड़क से करीबे 30 फीट नीचे गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे में जबलपुर निवासी वाहन चालक और हेल्पर घायल हो गए, जिन्हें सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। हादसे के बाद हेल्पर वाहन के केबिन में बुरी तरह फंस गया था। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और टिकरिया पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
केबिन में फंसे हेल्पर को सुरक्षित बाहर निकाला
पुलिस और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे हेल्पर को सुरक्षित बाहर निकाला। जानकारी के अनुसार, वाहन में चालक रंजीत यादव (25) निवासी जबलपुर और हेल्पर अंकित यादव (22) निवासी वल्देबाग, जबलपुर सवार थे। चालक किसी तरह वाहन से बाहर निकलने में सफल रहा था।
दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया
रेस्क्यू के बाद दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की हालत खतरे से बाहर है। हेल्पर अंकित यादव के हाथ और कलाई में चोट आई है, जिसका उपचार जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।











