Friday, April 24, 2026
Homeआस्थाजबलपुर : गुड फ्राइडे पर मसीही समाज ने निकाली क्रूस यात्रा, प्रभु...

जबलपुर : गुड फ्राइडे पर मसीही समाज ने निकाली क्रूस यात्रा, प्रभु यीशू के बलिदान को किया याद

जबलपुर. नगर के मसीही समाज ने गुड फ्राइडे के अवसर पर शुक्रवार 3 अप्रैल को गहरी श्रद्धा और आस्था के साथ विभिन्न कैथोलिक व प्रोटेस्टेंट चर्चों में विशेष प्रार्थना सभाओं में भाग लिया।

इस दौरान ईसाई धर्मावलंबियों ने प्रभु यीशु मसीह के त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

शहर में प्रभु यीशु के जीवन से जुड़ी झांकियां तैयार की गईं, जिन्हें गुड फ्राइडे के अवसर पर निकाला गया। सुबह होली ट्रिनीटी चर्च, नेपियर टाउन से क्रूस यात्रा प्रारंभ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

यह यात्रा भंवरताल उद्यान, रसल चौक, राजीव गांधी चौक, नगर निगम एवं बस स्टैंड होते हुए सेंट नार्बट स्कूल के सामने से गुजरकर पुन: चर्च प्रांगण में पहुंची, जहां क्रूस आरोहण के साथ इसका समापन हुआ। क्रूस यात्रा के दौरान प्रभु यीशु के जीवन के अंतिम क्षणों का सजीव मंचन किया गया।

इसमें रोमी शासक पिलातुस द्वारा दिए गए प्राणदंड से लेकर कलवारी पर्वत पर क्रूस पर चढ़ाए जाने तक की घटनाओं को अत्यंत भावुक तरीके से प्रस्तुत किया गया।

प्रभु यीशु के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प

संजय मैथ्यूज के मुताबिक इस आयोजन के माध्यम से प्रेम, शांति और भाईचारे का संदेश दिया गया। उन्होंने कहा कि यह दिन प्रभु यीशु के दु:खभोग और उनके महान बलिदान की ऐतिहासिक घटना की याद दिलाता है, जब उन्होंने मानव जाति के पापों की मुक्ति के लिए स्वयं को क्रूसस पर अर्पित कर दिया था।

मसीही समाज के लोगों ने इस पावन अवसर पर प्रभु यीशु के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेते हुए एकजुटता और मानवता का संदेश दिया।

Related Articles

Latest News