कटनी। कटनी के जिला अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में मरीज बेड पर बैठकर जुआं खेल रहे थे, जिसका वीडियो बनाकर कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। जो अब चर्चा का विषय बन गया है। इस तरह के मामले ने अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
खबर है कि जिला अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में देर शाम भरती मरीज आपस में गुट बनाकर सार्वजनिक रूप से ताश पत्तों के माध्यम से जुआं खेलने लगे। इस दौरान रुपया सामने रखकर हार-जीत के दांव भी लगाए जा रहे थे। तभी किसी ने मरीजों के जुआं खेलने का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
जिसपर स्थानीय लोगों व मरीज के परिजनों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। लोगों का कहना है कि ऑन-ड्यूटी डॉक्टर, नर्स व सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद वार्ड में इतनी बड़ी गतिविधि कैसे चलती रही।
एक तरफ अस्पताल में आए दिन मरीजों को बेड न मिलने और जमीन पर इलाज करने की खबरें आती हैं वहीं दूसरी तरफ इन बेड्स का इस्तेमाल जुआ खेलने के लिए किया जा रहा है। नागरिकों ने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।











