कुवैत में चल रही आठवीं एशियाई शॉटगन चैंपियनशिप में मंगलवार को भारतीय निशानेबाज अंगद वीर सिंह बाजवा ने पुरुष स्कीट फाइनल में विश्व रिकार्ड स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता। अंगद वीर सिंह भारत के पहले स्कीट निशानेबाज हैं जिन्होंने महाद्वीपीय या विश्वस्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया है। अंगद वीर सिंह ने फाइनल मुकाबले में 60 में से 60 अंक बनाये। उन्होंने चीन के डी झिन (58 अंक) को पीछे छोड़ा। यूएई के सईद अल मकतोम ने 46 अंक के साथ कांस्य पदक जीता। क्वालीफिकेशन में अंगद ने 125 में से 121 अंक बनाकर संयुक्त दूसरे स्थान पर रहकर फाइनल में जगह बनायी थी।
इससे पहले इलावेनिल वलारिवान और हृदय हजारिका की मिश्रित युगल भारतीय जोड़ी ने 10 मीटर रायफल स्पर्धा में जूनियर विश्व रिकार्ड के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया। इसी स्पर्धा में मेहुली घोष और अर्जुन बाबुता की एक अन्य भारतीय जोड़ी ने कांस्य पदक अपने नाम किया। इलावेनिल और हृदय की जोड़ी ने 835.8 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहते हुए फाइनल के लिए क्वालीफाई किया किया था जिसमें मेहुली और अर्जुन की जोड़ी 833.5 अंक के साथ चौथे स्थान पर थी। फाइनल के बाद इलावेनिल और हृदय की जोड़ी 502.1 के स्कोर के साथ शीर्ष पर रही। रजत पदक चीन की जोड़ी के नाम रहा जिन्होंने 500.9 अंक बनाये। तीसरे स्थान पर रहने वाली भारतीय जोड़ी ने कुल 436.9 अंक बनाये। भारत ने टूर्नामेंट में अब तक एक स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य सहित छह पदक जीते हैं।
रिकॉर्ड स्कोर के साथ शॉटगन में अंगद वीर सिंह ने जीता स्वर्ण पदक
Join WhatsApp Group 1 यहाँ क्लिक करे