Friday, April 24, 2026
Homeमध्य प्रदेशMP News: मीटर रीडिंग में लापरवाही पर 8 आउटसोर्स मीटर रीडर और...

MP News: मीटर रीडिंग में लापरवाही पर 8 आउटसोर्स मीटर रीडर और 2 संविदा कार्मिकों पर कार्यवाही

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने उपभोक्ताओं की मीटर रीडिंग में लापरवाही बरतने के आरोप में सेवा प्रदाता कंपनी के माध्यम से मुरैना वृत्त में सबलगढ़ संभाग के जौरा वितरण केन्द्र में कार्यरत दो आउटसोर्स मीटर वाचक, पहाड़गढ़ वितरण केन्द्र में कार्यरत तीन आउटसोर्स मीटर वाचक एवं कैलारस वितरण केन्द्र में कार्यरत दो आउटसोर्स मीटर वाचकों की तीन से सात दिनों तक की वेतन कटौती की कार्यवाही की है। इसी प्रकार मुरैना वृत्त में अम्बाह संभाग के पोरसा वितरण केन्द्र में कार्यरत दो संविदा कर्मचारियों का तीन दिन का वेतन काटने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

महा प्रबंधक मुरैना पीके शर्मा ने बताया है कि प्रबंध संचालक द्वारा मुरैना वृत्त की समीक्षा में फोटो मीटर रीडिंग डेटा के आधार पर संबंधित मीटर रीडरों पर कार्यवाही करने के निर्देश के परिपालन में मीटर वाचन में लापरवाही बरतने पर सात मीटर वाचकों वेतन काटने का नोटिस दिया गया है। साथ ही एक मीटर वाचक को लापरवाही पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक गणेश शंकर मिश्रा ने मैदानी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि उपभोक्ताओं के परिसर पर एक्युरेसी (शुद्धता) के साथ मीटर वाचन होना चाहिए और मीटर रीडिंग के आधार पर ही उपभोक्ताओं को विद्युत देयक दिए जाएँ। उन्होंने स्पष्ट किया है कि मीटर वाचकों के कार्य पर निष्ठा एप के द्वारा निगरानी रखी जाए और जो मीटर वाचक कर्तव्य पालन में लापरवाही बरत रहे हैं, उन्हें सेवा से पृथक किया जाए।

प्रबंध संचालक ने कहा कि उपभोक्ता सेवा सर्वोपरि है। उपभोक्ताओं को कंपनी बेहतर से बेहतर सेवाएँ देने के लिए कृत-संकल्पित है और इसी दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने उपभोक्ताओं को जागरूक रहने के लिए कहा है। जब उनके परिसर की मीटर रीडिंग होती है तो वे मीटर वाचक द्वारा ली गई रीडिंग और मीटर में दर्ज रीडिंग पर नजर रखें, जिससे सही देयक मिल सके।

Related Articles

Latest News