भारत ने 5 नए रामसर स्थलों को किया नामित, एमपी की साख्य सागर झील भी शामिल

भारत ने अंतरराष्ट्रीय महत्व के पांच नए आर्द्रभूमि स्थल नामित किए हैं, जिसमें तमिलनाडु में तीन आर्द्रभूमि स्थल करीकिली पक्षी अभयारण्य, पल्लिकरनई मार्श रिजर्व फॉरेस्ट और पिचवरम मैंग्रोव, मिजोरम में एक पाला आर्द्रभूमि और मध्य प्रदेश में एक आर्द्रभूमि स्थल साख्य सागर शामिल हैं। इन्हें मिलाकर देश में रामसर स्थलों की कुल संख्या 49 से बढ़कर 54 हो गयी है।

मध्य प्रदेश के पर्यावरण मंत्री हरदीप सिंह डंग ने मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के माधव राष्ट्रीय उद्यान में स्थित साख्य सागर झील को रामसर साइट का दर्जा मिलने पर कहा कि दो दशकों बाद प्रदेश को मिली दूसरी रामसर साइट सरकार के पर्यावरण-संरक्षण के लिये निरंतर किये जा रहे सार्थक प्रयासों का प्रतिफल है।

उन्होंने कहा कि साख्य सागर झील को रामसर साइट का दर्जा मिलने पर हम सभी गौरवान्वित हैं। भोपाल का बड़ा तालाब भी रामसर साइट के रूप में चिन्हित है। अब यह संख्या बढ़ कर 2 हो गई है। प्रदेश के 3 वेटलेण्ड इंदौर के सिरपुर वेटलेण्ड और यशवंत सागर तथा सांख्य सागर को रामसर साइट के रूप में घोषित करने के लिये भारत सरकार को प्रस्ताव भेजा गया था।