भोपाल में वादा निभाओ कार्यक्रम के अंतर्गत यूनाइटेड फोरम करेगा प्रदर्शन

भोपाल में मध्यप्रदेश यूनाइटेड फोरम 23 सितंबर 2022 को विद्युत अधिकारी एवं कर्मचारी प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर द्वारा किए गए वादे को याद दिलाने के लिए विरोध प्रदर्शन करेंगे। गौरतलब है कि ऊर्जा मंत्री ने एक वर्ष पहले 1 महीने की समयसीमा में विद्युत कर्मियों की 18 सूत्रीय मांगों का निराकरण करने का आश्वासन दिया था।

फोरम के प्रांतीय संयोजक व्हीकेएस परिहार ने बताया कि मध्य प्रदेश यूनाइटेड फोरम जब आंदोलनात्मक गतिविधियों के माध्यम से संघर्षरत था, तब ऊर्जा मंत्री के द्वारा फोरम से मीटिंग कर में 18 सूत्रीय मांगों का निराकरण करने हेतु आश्वासन दिया गया था एवं स्वयं के द्वारा एक वीडियो जारी करवाया गया था। उक्त वादे को किये हुए आज 1 वर्ष 1 माह व्यतीत हो चुके हैं, लेकिन आज तक 18 सूत्रीय मांगे लंबित हैं, जिस कारण मध्य प्रदेश के अधिकारी एवं कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त है।

व्हीकेएस परिहार ने बताया गया कि सांकेतिक प्रदर्शन के माध्यम से हम ऊर्जा मंत्री एवं सरकार को वादा निभाओ कार्यक्रम के माध्यम से स्मरण कराना हैं यदि आपके द्वारा शीघ्र 18 सूत्रीय मांगों का निराकरण नहीं किया गया तो 2 अक्टूबर 2022 गांधी जयंती के दिवस गांधीजी की मूर्ति को माल्यार्पण करते हुए यूनाइटेड फोरम आंदोलनात्मक गतिविधियों का आगाज करेगा जिसकी संपूर्ण जवाबदारी माननीय ऊर्जा मंत्री एवं मध्य प्रदेश सरकार की होगी।

उन्होंने बताया कि ऊर्जा मंत्री के साथ हुई चर्चा में संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण, गृह जिला ट्रांसफर नीति, कंपनी कैडर अधिकारी कर्मचारियों की वेतन विसंगति, आउटसोर्स कर्मचारियों का बिजली कंपनियों में संविलियन, पुरानी पेंशन बहाली, संगठनात्मक संरचना का पुनर्गठन, सेवानिवृत्ति के उपरांत ग्रेज्युटी, ईएल इनकेसमेंट, अनुकंपा नियुक्ति चालू की जाए, पदोन्नति का लाभ दिया जाए आदि प्रकार की मांगे रखी गई थी।