बिजली कर्मचारियों के आंदोलन की सफलता के लिए भाजपा सांसद ने दी शुभकामनाएं, कहा- मुख्यमंत्री को लिखेंगे पत्र

मध्य प्रदेश विद्युत मंडल तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रांतीय महासचिव हरेंद्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में जबलपुर संसदीय क्षेत्र के भाजपा सांसद राकेश सिंह को उनके राइट टाउन स्थित कार्यालय में मध्य प्रदेश के बिजली कर्मचारियों की समस्याओं से संबंधित तीन सूत्रीय मांग पत्र सौंपा गया।

संघ के प्रांतीय महासचिव हरेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि सांसद राकेश सिंह ने तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रतिनिधि मंडल को आंदोलन की सफलता हेतु शुभकामनाएं देते हुए आश्वासन दिया है कि आपकी 3 सूत्रीय मांग के संबंध में प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर अवगत कराया जावेगा।

मध्य प्रदेश विद्युत मंडल तकनीकी कर्मचारी संघ के मांग पत्र में मांग की गई है कि आउटसोर्स कर्मचारियों का बिजली कंपनियों में संविलियन किया जाए। भारतीय जनता पार्टी के चुनावी जन संकल्प पत्र 2013 के अनुसार सभी संविदा विद्युत कर्मचारियों का नियमितीकरण किया जावे। नियमित कर्मचारियों को फ्रिंज बेनिफिट दिया जाए।

इस अवसर पर तकनीकी कर्मचारी संघ के मोहन दुबे, राजकुमार सैनी, अजय कश्यप, अरुण मालवीय, आजाद सकवार, सुरेंद्र मेश्राम, विनोद दास, राजेश शरण, जगदीश मेहरा, प्रीतम सिंह, शीतल चौधरी, विपिन यादव, राजेश दहिया आदि उपस्थित थे।