Friday, September 11, 2026
Homeमध्य प्रदेशमध्य प्रदेश में दो दिन बाद शुरू होगी कड़ाके की ठंड, आज...

मध्य प्रदेश में दो दिन बाद शुरू होगी कड़ाके की ठंड, आज एक्टिव होगा नया सिस्टम

भोपाल (हि.स.)। उत्तर भारत में मंगलवार से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। मध्यप्रदेश में इसका असर दो दिन बाद देखने को मिलेगा। इसके असर से भोपाल, इंदौर समेत प्रदेश के कई जिलों में बादल छा सकते हैं। हालांकि, बारिश का अनुमान नहीं है। सिस्टम गुजरने के बाद प्रदेश में कड़ाके की ठंड का दौर शुरू होगा।

प्रदेश के अधिकांश जिलों में दिन और रात के टेम्प्रेचर में फिर गिरावट हुई है। 10 शहरों में रात का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा, जबकि सोमवार को ग्वालियर, जबलपुर, इंदौर समेत 14 जिलों में दिन का अधिकतम टेम्प्रेचर 25 डिग्री से कम रहा। वहीं, 13 जिलों में हल्के से मध्यम कोहरा छाया रहा। सोमवार को ग्वालियर में दिन का तापमान 19.5 डिग्री रहा। तापमान में 3.1 डिग्री की गिरावट हुई। भोपाल में 2.8 डिग्री की गिरावट के बाद तापमान 25.3 डिग्री दर्ज किया गया। इंदौर में 24.9 डिग्री, उज्जैन में 27 डिग्री और जबलपुर में टेम्प्रेचर 23.7 डिग्री रहा।

सोमवार को खजुराहो में दिन का तापमान 6.6 डिग्री लुढ़क कर 17.4 डिग्री पर आ गया। जिससे यह प्रदेश का सबसे ठंडा रहा। रीवा में 4 डिग्री की गिरावट के बाद अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री रहा। नौगांव में 21.5 डिग्री, पचमढ़ी में 22.4 डिग्री, सीधी में 22.6 डिग्री, सतना में 22.9 डिग्री तापमान रहा। रायसेन, मलाजखंड, टीकमगढ़, धार, उमरिया में पारा 25 डिग्री से कम रहा। खंडवा और खरगोन में पारा सबसे अधिक रहा। खंडवा में अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री और खरगोन में 29.6 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिक एसएन साहू ने बताया कि जम्मू में अभी सामान्य से कम बर्फबारी हुई है। इस कारण प्रदेश में उत्तरी हवाएं नहीं आ रही हैं और टेम्प्रेचर में गिरावट कम हुई है। मंगलवार से वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होगा। इसका प्रदेश में एक-दो दिन बाद असर देखने को मिलेगा। इस कारण हल्के बादल छाए रहेंगे। 20 जनवरी को सिस्टम गुजरने के बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट होगी।

वहीं अगले 24 घंटों में प्रदेश के कई जिलों में कोहरा छा सकता है। मौसम विभाग के अनुसार सीधी, रीवा, सतना, छतरपुर, नीमच, मंदसौर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया और भिंड जिलों में मध्यम से घना कोहरा छा सकता है। यहां विजिबिलिटी 50 से 500 मीटर तक रहने का अनुमान है।

Related Articles

Latest News