मेघालय में कांग्रेस ने सरकार बनाने का दावा किया पेश

मेघालय विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बन के उभरी कांग्रेस पार्टी ने राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है। शनिवार को हुई मतगणना में कांग्रेस को 21 सीटों पर जीत मिली थी, लेकिन कांग्रेस यहां पूर्ण बहुमत नहीं ला पाई है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस यहां पर गोवा और मणिपुर जैसी गलती नहीं दोहराना चाहती इसीलिए कांग्रेस ने अपनी सरकार बनाने के सारे प्रयास करने शुरु कर दिये हैं। कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नेता चुनने के लिए 11 बजे कांग्रेस की बैठक आयोजित की है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस की तरफ से सरकार बनाने की दावेदारी पेश करते हुए राज्यपाल को पत्र सौंपा गया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पत्र में लिखा गया है कि कांग्रेस पार्टी राज्य में हुए विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर बनकर उभरी है। इसलिए संवैधानिक नियमों के अनुसार कांग्रेस को जल्द से जल्द सरकार बनाने के लिए निमंत्रण दिया जाना चाहिए। यह भी कहा गया है कि विधानसभा में तय दिन और समय के अनुसार पार्टी बहुमत सिद्ध कर देगी।