Friday, February 7, 2025
Homeआस्थाWeekly Horoscope: बुधादित्य योग में 3 से 9 फरवरी 2025 तक का...

Weekly Horoscope: बुधादित्य योग में 3 से 9 फरवरी 2025 तक का साप्ताहिक राशिफल

ज्योतिषाचार्य पंडित अनिल पाण्डेय
प्रश्न कुंडली एवं वास्तु शास्त्र विशेषज्ञ
व्हाट्सएप- 8959594400

सोमवार 3 फरवरी से रविवार 9 फरवरी 2025 तक के सप्ताह का साप्ताहिक राशिफल।

इस सप्ताह सूर्य और बुध मकर राशि में, वक्री मंगल मिथुन राशि में, वक्री गुरु वृष राशि में, शुक्र मीन राशि में, शनि कुंभ राशि में और वक्री राहु मीन राशि गोचर करेंगे।

मेष राशि

उच्च के शुक्र के कारण इस सप्ताह आपको कचहरी के कार्यों में सफलता मिल सकती है। धन आने का योग बनेगा। भाई बहनों के साथ संबंध ठीक-ठाक रहेंगे। शत्रुओं से सावधान रहें। कार्यालय में कार्य करते समय सावधान रहें। इस सप्ताह आपके लिए 4 और 5 फरवरी किसी भी कार्य को करने के लिए उपयुक्त हैं। 6 और 7 फरवरी को धन आने का योग बन सकता है। 3 फरवरी को आपको सावधान रहकर कार्य करना चाहिए। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन आदित्य हृदय स्त्रोत का पाठ करें। सप्ताह का शुभ दिन मंगलवार है।

वृष राशि

इस सप्ताह उच्च का शुक्र लाभ भाव में बैठकर आपको व्यापार और आर्थिक जगत में आगे बढ़ाएगा। कार्यालय में आपकी स्थिति सामान्य रहेगी। भाग्य आपका विशेष साथ नहीं देगा।  आपको अपने परिश्रम पर विश्वास कर कार्य करने होंगे। आपको अपने संतान से विशेष सहयोग प्राप्त नहीं हो पाएगा। इस सप्ताह आपके लिए 6 और 7 फरवरी किसी भी कार्य को करने के लिए उपयुक्त हैं। 4 और 5 फरवरी को आपको सावधान रहकर कार्य करना चाहिए। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन काले कुत्ते को रोटी खिलाएं। सप्ताह का शुभ दिन शुक्रवार है।

मिथुन राशि

लग्न के वक्री मंगल के कारण आपके स्वास्थ्य में इंप्रूवमेंट होगा। कार्यालय में आपकी स्थिति मजबूत होगी। खर्चों में वृद्धि होगी परंतु ये खर्चे अच्छे काम के लिए होंगे। भाग्य आपका साथ देगा। दुर्घटनाओं से आपको बचाने का प्रयास करना चाहिए। इस सप्ताह आपके लिए 3, 8 और 9 फरवरी मंगलदायक हैं। 6 और 7 फरवरी को आपको सावधानीपूर्वक कार्यों को निपटाना चाहिए। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन स्नान करने के उपरांत तांबे के पात्र में जल अक्षत और लाल पुष्प डालकर भगवान सूर्य के मन्त्रों के साथ भगवान सूर्य को अर्पण करें। सप्ताह का शुभ दिन रविवार है।

कर्क राशि

इस सप्ताह आपका, आपकी माताजी और पिताजी का स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। आपके मानसिक तनाव में कमी आएगी। जीवनसाथी को कष्ट हो सकता है। द्वादश भाव में वक्री मंगल के कारण आपको कचहरी के कार्यों में सफलता मिल सकती है। धन आने का सामान्य योग है। भाग्य आपका साथ देगा। इस सप्ताह आपके लिए 4और 5 फरवरी लाभदायक हैं। 8 और 9 फरवरी को आपको सतर्क रहकर कार्य करना चाहिए। 8 और 9 फरवरी को आपको कचहरी के कार्यों से बचना चाहिए। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन राम रक्षा स्त्रोत का पाठ करें। सप्ताह का शुभ दिन बुधवार है।

सिंह राशि

इस सप्ताह आपके जीवनसाथी और माता जी का स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। धन सामान्य मात्रा में आएगा। शत्रुओं से आपको बचने का प्रयास करना चाहिए। आपको अपने परिश्रम पर विश्वास करना चाहिए। इस सप्ताह आपको जो कुछ भी प्राप्त होगा, अपने परिश्रम से ही प्राप्त होगा। इस सप्ताह आपके लिए 6 और 7 फरवरी फलदायक है। 3 फरवरी को आपको सतर्क रहना चाहिए। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन मंदिर में जाकर गरीब लोगों के बीच में चावल का दान करें। सप्ताह का शुभ दिन बृहस्पतिवार है।

कन्या राशि

अविवाहित जातकों के लिए यह सप्ताह अत्यंत उत्तम है। उनके विवाह के बड़े अच्छे-अच्छे प्रस्ताव आएंगे। उच्च का शुक्र सप्तम भाव में बैठकर प्रेम संबंधों में वृद्धि करेगा। इस सप्ताह आपको अपने संतान से सहयोग प्राप्त नहीं हो पाएगा। 6 और 7 फरवरी को भाग्य आपका विशेष रूप से साथ दे सकता है। इस सप्ताह 3, 8 और 9 फरवरी आपके लिए मंगलदायक हैं। 4 और 5 फरवरी को आपको सतर्क होकर कार्यों को निपटाना चाहिए। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन काले उड़द की दाल का दान करें और शनिवार को शनि मंदिर में जाकर आराधना करें। सप्ताह का शुभ दिन रविवार है।

तुला राशि

इस सप्ताह आपका, आपके जीवनसाथी का और आपके पिताजी का स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। माता जी को कुछ मानसिक परेशानी हो सकती है। आपको अपने संतान से सहयोग प्राप्त होगा। भाग्य से आपको थोड़ा बहुत लाभ हो सकता है। इस सप्ताह शत्रु आपको परेशान नहीं कर पाएंगे। इस सप्ताह आपके लिए 4 और 5 फरवरी कार्यों को संपन्न करने के लिए लाभदायक है। सप्ताह के बाकी दिन आपको सतर्क रहना चाहिए। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन मंदिर में जाकर लाल मूंग की दाल का दान करें तथा मंगलवार को हनुमान जी के मंदिर में जाकर कम से कम तीन बार हनुमान चालीसा का पाठ करें। सप्ताह का शुभ दिन बुधवार है।

वृश्चिक राशि

इस सप्ताह आपका और आपकी माता जी का स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। जनता में आपकी प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। भाई बहनों के साथ तनाव हो सकता है। छात्रों की पढ़ाई उत्तम चलेगी। आपको अपने संतान से सहयोग प्राप्त होगा। आपको दुर्घटनाओं से बचने का प्रयास करना चाहिए। इस सप्ताह आपके लिए 6 और 7 फरवरी कार्यों को संपन्न करने के लिए अनुकूल हैं। सप्ताह के बाकी दिन आपके पूरे योजना के साथ सावधान रहकर कार्य करना चाहिए। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन गायत्री मंत्र की एक माला का जाप करें। सप्ताह का शुभ दिन बृहस्पतिवार है।

धनु राशि

इस सप्ताह आपकी प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। अगर आप जमीन या अन्य कोई प्रॉपर्टी खरीदना चाहते हैं तो उसको भी खरीद पाएंगे। भाई बहनों के साथ संबंध ठीक-ठाक रहेंगे। थोड़ा बहुत धन आने की उम्मीद है। आपके पेट में विकार हो सकता है। कार्यालय में आपकी स्थिति सामान्य रहेगी। आपको अपने परिश्रम से ही लाभ प्राप्त होगा। इस सप्ताह आपके लिए फरवरी लाभप्रद हैं। 6 और 7 फरवरी को आपको कार्यों को करने में सावधानी बरतना चाहिए। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें  ।  सप्ताह का शुभ दिन रविवार है।

मकर राशि

इस सप्ताह आपके अपने भाई बहनों से संबंध ठीक होंगे। धन आने की उम्मीद है। भाग्य आपका साथ देगा। छठे भाव में बैठे वक्री मंगल के कारण अगर आप प्रयास करेंगे तो आप शत्रुओं को परास्त कर सकते हैं। आपको थोड़ा बहुत मानसिक कष्ट हो सकता है। व्यापार में स्थिति सामान्य रहेगी। इस सप्ताह आपके लिए 4 और 5 फरवरी विभिन्न कार्यों को करने के लिए अनुकूल है। 8 और 9 फरवरी को आपको सावधान रहकर कार्य करना चाहिए। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन गणेश अथर्वशीर्ष का पाठ करें। सप्ताह का शुभ दिन बुधवार है।

कुंभ राशि

इस सप्ताह आपके पास धन आने की उम्मीद है। धन भाव में राहु के बैठे होने के कारण यह धन गलत रास्ते से भी आ सकता है। तीसरे भाव पर शनि की नीचदृष्टि की कारण भाई बहनों के साथ तनाव हो सकता है। माता-पिता का स्वास्थ्य ठीक रहेगा। आपके जीवन साथी को गरदन या कमर में दर्द हो सकता है। इस सप्ताह आपके लिए 6 और 7 फरवरी लाभवर्धक हैं। सप्ताह के बाकी दिन भी ठीक-ठाक हैं। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन रुद्राष्टक का पाठ करें। सप्ताह का शुभ दिन शुक्रवार है।

मीन राशि

अविवाहित जातकों के लिए यह सप्ताह अच्छा रहेगा। विवाह के प्रस्ताव आएंगे। प्रेम संबंधों में वृद्धि भी हो सकती है। आपके जीवन साथी को थोड़ा कष्ट हो सकता है। एकादश भाव में सूर्य की उपस्थिति के कारण धन आने की उम्मीद है। यहां पर सूर्य चूंकी शत्रु राशि में है, अतः धन कम मात्रा में आएगा। माता जी और पिताजी का स्वास्थ्य ठीक रहेगा। भाई बहनों के साथ संबंध थोड़े तनावपूर्ण हो सकते हैं। इस सप्ताह आपके लिए 3 तथा 8 और 9 फरवरी कार्यों को करने के लिए फलदायक हैं। सप्ताह के बाकी दिन सामान्य है। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन भगवान शिव का दूध और जल से अभिषेक करें। सप्ताह का शुभ दिन रविवार है।

Related Articles

समाचार LIVE

मध्य प्रदेश