Friday, April 24, 2026
Homeबॉलीवुडअरिजीत सिंह का बड़ा फैसला: प्लेबैक सिंगिंग से लिया रिटायरमेंट

अरिजीत सिंह का बड़ा फैसला: प्लेबैक सिंगिंग से लिया रिटायरमेंट

नई दिल्ली। बॉलीवुड के सबसे लोकप्रिय और प्रभावशाली सिंगर्स में शुमार अरिजीत सिंह ने फैंस को चौंकाते हुए प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया है। 27 जनवरी 2026 को अरिजीत ने अपने प्राइवेट X (ट्विटर) अकाउंट और इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर यह जानकारी दी।

अपने पोस्ट में अरिजीत ने लिखा,
“हैलो, हैप्पी न्यू ईयर टू ऑल। इतने सालों से मेरे गानों को जो प्यार मिला, उसके लिए दिल से शुक्रिया। मैं खुशी-खुशी यह ऐलान करता हूं कि अब मैं प्लेबैक वोकलिस्ट के तौर पर कोई नया असाइनमेंट नहीं लूंगा। यह एक खूबसूरत सफर रहा।”

संगीत से नहीं, प्लेबैक से दूरी

अरिजीत ने यह भी साफ किया कि वे संगीत बनाना पूरी तरह नहीं छोड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि पुराने कमिटमेंट्स पूरे किए जाएंगे और 2026 में कुछ प्रोजेक्ट्स रिलीज भी होंगे। यानी यह अलविदा नहीं, बल्कि उनके करियर का एक नया मोड़ है।

फिल्ममेकिंग की दुनिया में एंट्री

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अरिजीत सिंह अब फिल्म निर्माण और निर्देशन की ओर कदम बढ़ा रहे हैं। पिंकविला की रिपोर्ट के अनुसार, वे आने वाले समय में निर्देशन और प्रोडक्शन पर फोकस करना चाहते हैं। हमेशा से परफेक्शनिस्ट माने जाने वाले अरिजीत नए क्रिएटिव आयाम तलाशते रहे हैं, और अब यही जिज्ञासा उन्हें कैमरे के पीछे ले आई है।

जंगल एडवेंचर फिल्म से निर्देशन में डेब्यू

सूत्रों के मुताबिक, अरिजीत की डेब्यू हिंदी फिल्म एक जंगल एडवेंचर पर आधारित होगी। फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी की बेटी शोरा और अरिजीत सिंह के बेटे लीड रोल में नजर आएंगे। इस प्रोजेक्ट को अरिजीत सिंह और उनकी पत्नी कोयल सिंह, फिल्ममेकर महावीर जैन के साथ मिलकर को-प्रोड्यूस कर रहे हैं।

खास बात यह है कि फिल्म की स्क्रिप्ट भी अरिजीत और कोयल सिंह ने मिलकर लिखी है। इस समय फिल्म की शूटिंग शांतिनिकेतन में चल रही है।

नवाजुद्दीन का स्पेशल अपीयरेंस

रिपोर्ट्स के अनुसार, नवाजुद्दीन सिद्दीकी फिल्म में स्पेशल अपीयरेंस करेंगे, जबकि दिग्गज अभिनेता दिब्येंदु भट्टाचार्य भी कास्ट का हिस्सा होंगे। फिल्म को पैन-इंडिया रिलीज से पहले कई इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल्स में स्क्रीन करने की योजना है।

पहले भी कर चुके हैं निर्देशन

यह पहली बार नहीं है जब अरिजीत सिंह ने निर्देशन की जिम्मेदारी संभाली हो। इससे पहले वे 2018 में रिलीज हुई बंगाली फिल्म ‘सा’ का निर्देशन कर चुके हैं, जो एक युवा लड़के की म्यूजिकल जर्नी पर आधारित थी।

क्रिएटिव रेस्टलेसनेस का नतीजा

अरिजीत का यह फैसला उनकी क्रिएटिव बेचैनी और कुछ नया करने की चाह से जुड़ा है। पहले ही 2025 में खबरें आई थीं कि वे महावीर जैन के साथ जंगल एडवेंचर फिल्म पर काम कर रहे हैं। अब फैंस और इंडस्ट्री दोनों ही उत्साहित हैं कि जिस शख्स ने ‘तुम ही हो’, ‘केसरिया’ और ‘बिन तेरे’ जैसे आइकॉनिक गाने दिए, वह निर्देशन में क्या नया जादू रचने वाला है।

Related Articles

Latest News