Friday, April 24, 2026
Homeबॉलीवुडसुनील थापा के निधन से प्रियंका चोपड़ा ने जताया शोक

सुनील थापा के निधन से प्रियंका चोपड़ा ने जताया शोक

दिग्गज नेपाली और बॉलीवुड एक्टर सुनील थापा का शुक्रवार को निधन हो गया. उनके जाने की खबर से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई. वह नेपाली, भोजपुरी और बॉलीवुड फिल्मों में अपने काम के लिए जाने जाते थे.
उन्होंने प्रियंका चोपड़ा की फिल्म ‘मैरी कॉम’ उनके कोच की भूमिका निभाई थी. साल 2014 में आई ये बायोपिक ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी.
प्रियंका चोपड़ा को जब उनके निधन की खबर मिली तो वह बेहद दुखी हो गईं और उन्होंने सुनील थापा को याद करते हुए एक भावुक पोस्ट शेयरकी.
प्रियंका चोपड़ा ने सुनील थापा के साथ ‘मैरी कॉम’ की शूटिंग के दौरान बिताए पलों को याद किया और बताया कि जब वह अपने पिता के निधन के गम में थीं, तब सुनील थापा ने उन्हें बहुत सहारा दिया.
प्रियंका ने अपने इंस्टाग्राम पर ‘मैरी कॉम’ फिल्म की एक क्लिप शेयर की, जिसमें सुनील थापा उन्हें ट्रेनिंग दे रहे हैं. फिल्म में प्रियंका ने बॉक्सर मैरी कॉम का किरदार निभाया था, जबकि सुनील थापा उनके कोच नरजीत सिंह बने थे.
सुनील थापा के निधन पर शोक जताते हुए प्रियंका चोपड़ा ने लिखा, “आप हमेशा मेरे कोच रहेंगे सर. जब मैंने अपने पापा को खो दिया था, तब आपने मुझे संभाला. आपने मुझे बहुत प्यार दिया और कई मुश्किल दिनों में मेरा साथ दिया, शायद आपको पता भी नहीं चला.
आपकी प्यार भरी झप्पियां और आपकी हंसी हमेशा मेरी यादों का हिस्सा रहेंगी. आप बहुत जल्दी चले गए, लेकिन कभी भुलाए नहीं जाएंगे.”
प्रियंका चोपड़ा ने आगे लिखा, “जब मैं टूटी हुई थी, उस वक्त आपकी दयालुता के लिए धन्यवाद. सुनील थापा, आपकी आत्मा को शांति मिले. मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं आपके परिवार और चाहने वालों के साथ हैं.” सुनील ने 1981 में हिंदी फिल्म ‘एक दूजे के लिए’ से फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा था और ‘आज की आवाज’, ‘मानव हत्या’, ‘अलबेला’ जैसी कई बॉलीवुड फिल्मों में नजर आए.

‘द काठमांडू पोस्ट’ के मुताबिक, सुनील थापा का शुक्रवार सुबह निधन हो गया. वह काठमांडू के थापाथली स्थित नॉरविक अस्पताल में इलाज करा रहे थे, जब अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई. उनकी उम्र 68 साल थी.

बताया जा रहा है कि उन्हें अस्पताल में बेहोशी की हालत में लाया गया था और सुबह 7:44 बजे ईसीजी के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

Related Articles

Latest News