नई दिल्ली। कॉमेडियन और अभिनेता राजपाल यादव इन दिनों कानूनी संकट में हैं। 9 करोड़ रुपये के लोन मामले में कोर्ट के आदेश के बाद उन्हें सरेंडर करना पड़ा, जिसके बाद वे तिहाड़ जेल नंबर 2 में बंद हैं। आज, 12 फरवरी को उनकी जमानत अर्जी पर सुनवाई होनी है। परिवार और फैंस को उम्मीद है कि उन्हें अदालत से राहत मिल सकती है।
इसी बीच फिल्म इंडस्ट्री से कई सितारों ने समर्थन जताया है, लेकिन राजपाल के बड़े भाई का दावा है कि अब तक किसी तरह की आर्थिक मदद नहीं मिली है।
“बयानबाजी ज्यादा, मदद कोई नहीं” – बड़े भाई का दावा
राजपाल यादव के बड़े भाई श्रीपाल यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अब तक परिवार को किसी भी आर्थिक सहायता की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा, “अगर किसी ने मदद की है तो बताएं पैसा कहां दिया गया? जो व्यक्ति राजपाल का अकाउंट संभालते हैं, उन्होंने भी किसी आर्थिक मदद की पुष्टि नहीं की है।”
उन्होंने यह भी कहा कि अगर सच में किसी ने सहायता की है तो परिवार उसका आभारी रहेगा, लेकिन केवल सोशल मीडिया पर बयान देना और वास्तविक मदद न करना गलत है।
जेल जाने से पहले भाई से हुई थी आखिरी बात
श्रीपाल यादव ने बताया कि जेल जाने से पहले राजपाल ने उनसे फोन पर बात की थी। उन्होंने कहा था, “चिंता मत करो। मुझे एक दिन के लिए अदालत जाना है और कुछ कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करनी हैं।”
श्रीपाल के मुताबिक, राजपाल ने यह भी भरोसा दिलाया था कि उन्होंने कोई कर्ज नहीं लिया, बल्कि फिल्म में निवेश किया था और वह यह बात साबित करेंगे।
घर में मातम नहीं, शादी की तैयारियां
जहां एक ओर राजपाल यादव जेल में हैं, वहीं उनके घर में शादी की तैयारियां चल रही हैं। श्रीपाल यादव की बेटी की शादी होने वाली है और घर में तैयारियां जोरों पर हैं।
उन्होंने कहा, “हमें पूरा भरोसा है कि भाई जेल से बाहर आएगा। घर में 50 मजदूर काम कर रहे हैं, हम सब शादी की तैयारियों में लगे हैं। ऐसे में मातम जैसा माहौल कैसे हो सकता है?”
अब सभी की नजरें आज होने वाली सुनवाई पर टिकी हैं। कोर्ट का फैसला तय करेगा कि राजपाल यादव को राहत मिलती है या उन्हें अभी और समय जेल में बिताना होगा।











