भारतीय रिज़र्व बैंक, भोपाल क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा 26 फरवरी को जबलपुर में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम क्षेत्र के उद्यमियों हेतु एक टाउन हॉल बैठक का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर भारतीय रिज़र्व बैंक की उपमहाप्रबंधक, अलका अजित गर्दे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
अपने संबोधन में उन्होंने देश की आर्थिक संरचना में एमएसएमई क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला तथा क्षेत्र के विकास में उद्यमियों की अपार संभावनाओं को रेखांकित किया।
कार्यक्रम में स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया, सेंट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया एवं यूनियन बैंक ऑफ़ इंडिया के वरिष्ठ अधिकारी तथा प्रमुख उद्योग संघों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
बैठक में लगभग 80 एमएसएमई उद्यमियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं के समाधान हेतु उपरोक्त बैंकों द्वारा सहायता काउंटर स्थापित किए गए।
साथ ही टीआरईडीएस प्लेटफॉर्म पर ऑनबोर्डिंग के लिए आरएक्सआईएल तथा M1xchange द्वारा भी काउंटर लगाए गए।
ट्रांसयूनियन सिबिल एवं आरएक्सआईएल द्वारा विशेष सत्र आयोजित किए गए, जिनमें क्रेडिट अनुशासन, सिबिल स्कोर में सुधार, टीआरईडीएस के लाभ तथा बिल डिस्काउंटिंग के माध्यम से एमएसएमई को समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने जैसे विषयों पर जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम का समापन प्रश्नोत्तर सत्र के साथ हुआ जिसमे प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, एवं वरिष्ठ बैंक अधिकारियों ने प्रतिभागियों द्वारा उठाए गए प्रश्नों का समाधान किया।
प्रतिभागियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस टाउन हॉल से प्राप्त ज्ञान क्षेत्र के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा तथा आर्थिक विकास एवं रोजगार सृजन को बढ़ावा देगा।











