नई दिल्ली। सोना-चांदी की कीमत में मंगलवार को गिरावट देखी गई। एमसीएक्स पर दोनों धातुएं गिरावट के साथ खुलीं। बाजार खुलते ही अप्रैल डिलीवरी वाला सोना 800 रुपये से ज्यादा गिर गया।
वहीं मार्च डिलीवरी वाली चांदी भी 3000 रुपये से ज्यादा लुढ़क गई। कुछ देर तक दोनों धातुओं की कीमत में उतार-चढ़ाव होता रहा। बाद में चांदी 5000 रुपये से ज्यादा गिर गई। हालांकि सोना कुछ संभला और गिरावट करीब 480 रुपये रह गई।
इससे एक दिन पहले सोना-चांदी में तेजी आई थी। सोना 328 रुपये की बढ़त के साथ प्रति 10 ग्राम 1,58,394 रुपये पर बंद हुआ था। वहीं मार्च डिलीवरी वाली चांदी 125 रुपये की तेजी के साथ 2,62,745 रुपये पर बंद हुई थी।
वहीं राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोमवार को चांदी की कीमतें छह फीसदी से अधिक बढ़कर 2.72 लाख रुपये प्रति किलोग्राम हो गई थीं, जबकि सोना लगभग एक प्रतिशत बढ़कर 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया था।
पृथ्वी फिनमार्ट के मनोज कुमार जैन का कहना है कि दोनों कीमती धातुओं में कीमतों में भारी उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। हालांकि, उनका मानना है कि इस हफ्ते चांदी 65 डॉलर प्रति ट्रॉय औंस के आसपास सहारा बनाए रख सकती है, जबकि सोना 4,680 डॉलर प्रति ट्रॉय औंस के आसपास स्थिर रह सकता है।
उनका अनुमान है कि डॉलर इंडेक्स में उतार-चढ़ाव, अमेरिका में सरकारी कामकाज का आंशिक रूप से बंद होना और जारी भू-राजनीतिक तनावों के कारण सोने और चांदी की कीमतों में अस्थिरता बनी रहेगी।











