इस नव संवत्सर में होंगे 13 महीने, श्रावण मास में आएंगे 8 सावन सोमवार

भारत में सनातन काल से प्रचलित हिंदू पंचांग के अनुसार आज बुधवार 22 मार्च 2023 से नव वर्ष विक्रम संवत 2080 की शुरुआत हो गई है। विक्रम संवत को नव संवत्सर भी कहा जाता है। भारतीय संस्कृति में विक्रम संवत का बहुत महत्व है। चैत्र का महीना हिंदू कैलेंडर के अनुसार वर्ष का प्रथम महीना है। नव संवत्सर के संबंध में अनेक पौराणिक कथाएं प्रचलित हैं। वैदिक पुराण एवं शास्त्रों के अनुसार चैत्र शुक्ल पक्ष प्रतिपदा तिथि को आदिशक्ति प्रकट हुई थीं। आदिशक्ति के आदेश पर ब्रह्मा ने सृष्टि प्रारंभ की थी। इसलिए इस दिन को सनातन काल से नववर्ष के रूप में मनाया जाता है। वहीं एक सनातन मान्यता यह भी है कि इसी दिन भगवान विष्णु ने मत्स्य अवतार लिया था। इसी दिन सतयुग का प्रारम्भ हुआ था। 

हिंदू पंचांग के अनुसार भारत में आज बुधवार 22 मार्च को चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के दिन हिंदू नववर्ष का आरंभ हो गया है। इस दिन का हिंदू धर्म में काफी महत्व है। इसी दिन जगतजननी मां दुर्गा की आराधना के दिन चैत्र नवरात्रि का शुभारंभ होता है। इसी दिन जगतपिता ब्रह्मा ने इसी दिन सृष्टि का निर्माण किया था। इस बार नव संवत्सर 2080 में 12 माह नहीं बल्कि कुल 13 माह होंगे, क्योंकि इस साल अधिक मास लग रहा है। अधिक मास 18 जुलाई से 16 अगस्त तक है। वहीं सबसे अधिक मास सावन में लग रहे हैं, इसलिए सावन माह इस बार दो महीने का होगा। पंचांग के 12 महीनों का क्रम इस प्रकार है-

• चैत्र माह: 22 मार्च 2023-6 अप्रैल 2023
• वैशाख माह: 7 अप्रैल 2023-5 मई 2023
• ज्येष्ठ माह: 6 मई 2023-4 जून 2023
• आषाढ़ माह: 5 जून 2023-3 जुलाई 2023
• श्रावण माह: 4 जुलाई 2023-31 अगस्त 2023
(सावन में 18 जुलाई से 16 अगस्त 2023 तक अधिक मास होगा)
• भाद्रपद माह: 1 सितंबर 2023-29 सितंबर 2023
• आश्विन माह: 30 सितंबर 2023-28 अक्टूबर 2023
• कार्तिक माह: 29 अक्टूबर 2023-27 नवंबर 2023
• मार्गशीर्ष माह: 28 नवंबर 2023-26 दिसंबर 2023
• पौष माह: 27 दिसंबर 2023-25 जनवरी 2024
• माघ माह: 26 जनवरी 2024-24 फरवरी 2024
• फाल्गुन माह: 25 फरवरी 2024-25 मार्च 2024

हिंदू पंचांग के अनुसार इस वर्ष सावन में अधिमास पड़ने के कारण सावन मास दो महीने का होगा। इस वर्ष सावन मास का प्रारंभ 4 जुलाई को होगा और 31 अगस्त को सावन मास समाप्त होगा, क्योंकि सावन में 18 जुलाई से 16 अगस्त 2023 तक अधिक मास होगा। इसके चलते इस बार 8 सावन सोमवार पड़ेंगे, जुलाई में तीन और अगस्त में चार। इस बार 10, 17, 24 और 31 जुलाई को सावन सोमवार पड़ेगा, वहीं 7, 14, 21 और 28 अगस्त को सावन सोमवार रहेगा।