केंद्र सरकार करने वाली है लाखों पदों पर भर्ती, मार्च 2021 तक भरे जाएंगे खाली पद

कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष ब्रजराज शर्मा ने पूर्वोत्‍तर क्षेत्र विकास राज्‍य मंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) और प्रधानमंत्री कार्यालय, कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन, परमाणु ऊर्जा एवं अंतरिक्ष राज्‍य मंत्री डॉ जितेन्‍द्र सिंह से मुलाकात की। उन्‍होंने डॉ सिंह को अवगत कराया कि आयोग मार्च 2021 तक भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और कार्यालयों के लिए ग्रुप-बी एवं ग्रुप सी में लगभग एक लाख चालीस हजार रिक्तियों को भरेगा। उन्होंने कहा कि गैर-तकनीकी पदों के अलावा राजपत्रित एवं अराजपत्रित दोनों तरह की रिक्‍तयों को चरणबद्ध तरीके से भरा जाएगा।
हालांकि वर्ष 2019-20 में 28 फरवरी तक आयोग भारत सरकार में 14,611 उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए सिफारिश पहले ही कर चुका है। साथ ही आयोग जून 2020 तक भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, विभागों, कार्यालयों में 85,000 अतिरिक्त पदों को भरने के लिए परिणाम की घोषणा कर सकता है। ब्रजराज शर्मा ने बताया कि आयोग द्वारा वित्त वर्ष 2020-21 के शेष भाग में (यानी जुलाई 2020 से मार्च 2021 तक) अतिरिक्त 40,000 रिक्त पदों को भरे जाने की संभावना है।

कर्मचारी चयन आयोग निम्‍नलिखित पदों के लिए भर्ती करता है-
•भारतीय लेखापरीक्षा एवं लेखा विभाग में ग्रुप-बी (राजपत्रित) पदों के लिए।
•भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, विभागों, कार्यालयों के लिए ग्रुप-बी (अराजपत्रित) पदों के लिए।
•भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, विभागों, कार्यालयों के लिए ग्रुप-सी (गैर-तकनीकी) पदों के लिए।