चंद्रयान-2 ने भेजी गढ्ढों से भरी चाँद की तस्वीरें

मिशन मून पर गए चंद्रयान-2 ने चंद्रमा की कुछ और तस्वीरें भेजी हैं। चंद्रयान-2 अभी चांद की कक्षा में चक्कर ही लगा रहा है, लेकिन साथ ही चंद्रमा की तस्वीरें इसरो को भेज रहा है। 23 अगस्त को भी चंद्रयान-2 ने चंद्रमा की सतह की कुछ और तस्वीरें भेजी हैं, जिनमें चांद पर विशाल गड्ढे नजर आ रहे हैं। चंद्रयान-2 के टेरेन मैपिंग कैमरा-2 द्वारा करीब 4375 किलोमीटर की ऊंचाई से ये तस्वीरें ली गई हैं।
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने सोमवार को ये तस्वीरें जारी की हैं। इसरो ने जो तस्वीरें जारी की हैं, उनमें कुछ गड्ढों का आकार 71 किलोमीटर से तो कुछ का 92 किमी से भी ज्यादा बड़ा है। इससे पहले चंद्रयान-2 द्वारा ली गई पहली तस्वीर इसरो ने 22 अगस्त को जारी की थी।
इसरो ने सोमवार को कहा कि वर्तमान समय में चंद्रमा के चक्कर लगा रहे चंद्रयान-2 ने चंद्रमा की सतह की कुछ और तस्वीरें ली हैं जिसमें कई विशाल गड्ढे (क्रेटर) दिखायी दे रहे हैं। इसरो ने तस्वीरें साझा करते हुए एक बयान में कहा कि चंद्रयान द्वारा जो तस्वीरें ली गई हैं, वे सोमरफेल्ड, किर्कवुड, जैक्सन, माक, कोरोलेव, मित्रा, प्लासकेट, रोझदेस्तवेंस्की और हर्माइट नामक विशाल गड्ढों की हैं। इन विशाल गड्ढों का नाम महान वैज्ञानिकों, अंतरिक्ष यात्रियों और भौतिक विज्ञानियों के नाम पर रखा गया है। विशाल गड्ढे मित्रा का नाम भारतीय भौतिक विज्ञानी एवं पद्म भूषण से सम्मानित प्रोफेसर शिशिर कुमार मित्रा के नाम पर रखा गया है। प्रोफेसर मित्रा को आयनमंडल और रेडियोफिजिक्स के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण कार्य के लिए जाना जाता है।